चेसिस नंबर बदलकर वाहनों की खरीद फरोख्त का खुलासा, मुन्ना बजरंगी के गुर्गे और दक्षिण भारतीय गायिका पर केस...

वाराणसी : चोरी के वाहनों का चेसिस नंबर बदलकर काला बाजारी करने वाले गिरोह का खुलासा हुआ है. इस संबंध में हाईकोर्ट लखनऊ बेंच के अधिवक्ता अनघ शुक्ला की तहरीर पर कैंट थाने में मुन्ना बजरंगी के गुर्गे रह चुके रवि सर्राफ उर्फ पिंचू मारवाड़ी, दक्षिण भारतीय गायिका अमृता सुरेश सहित चार पर नामजद केस दर्ज किया गया है. पुलिस मामले की जांच शुरू कर दी है.
अनघ शुक्ला ने कैंट पुलिस को तहरीर देते हुए बताया कि वाराणसी के भेलूपुर थानाक्षेत्र का निवासी रवि सर्राफ, उसका बेटा प्रतीक सर्राफ, चपरासी ललित सिंह और दक्षिण भारत की गायिका अमृता सुरेश एक संगठित गिरोह चला रहे हैं. ये सभी चोरी की गाड़ियों को डेंट-पेंट करने के बाद उनके चेसिस नंबर में बदलाव कर उन्हें बेच रहे हैं.
अनघ ने कहा की ऐसे वाहन यदि किसी बड़ी घटना में प्रयुक्त किए जाएंगे तो उन्हें पकड़ना मुश्किल होगा. पुलिस यदि जांच करे तो कई वाहन वाराणसी में दौड़ते मिले जाएंगे. अनघ ने पुलिस को बताया कि रवि उर्फ पिंचू बागपत जेल में मारे गए शातिर और कुख्यात मुन्ना बजरंगी का गुर्गा रह चुका है और जेल भी जा चुका है. ऐसे में यह आपराधिक कृत्य वह अपने आपराधिक साथियों की मदद के लिए भी कर रहा है और उन्हें गाड़ियां मुहैया करवा रहा है.
ALSO READ : असि नदी को नाला कहने पर एनजीटी सख्त, राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन के महानिदेशक तलब
परिवहन आयुक्त की जांच में खुली सच्चाई
पुलिस के अनुसार अनघ की शिकायत पर परिवहन आयुक्त ने जांच करवाई थी. एक समिति गठित करने के बाद जब जांच हुई तो कई वाहनों का सत्यापन कराया गया जिसमें चेसिस नंबर गलत मिले. इसपर कैंट पुलिस ने अब प्राथमिकी दर्ज कर ली है. थाना प्रभारी कैंट राजकिशोर पांडेय ने बताया - अनघ शुक्ला की तहरीर पर मुकदमा संबंधित धाराओं में दर्ज कर लिया गया है. आरोपियों की तलाश की जा रही है. जल्द ही सभी की गिरफ्तारी की जाएगी.



