आठ अगस्त को लाखों बच्चों से संवाद करेंगे राहुल गांधी, काशी में कांग्रेस ने साझा की तैयारी

वाराणसी : सत्ता पक्ष को घेरने के लिए विपक्ष अब कोई भी मौका छोड़ने को तैयार नहीं है. इसी क्रम में मंगलवार को वाराणसी में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की, जिसमें उन्होंने सरकार पर निशाना साधते हुए पार्टी की आगामी रणनीति को साझा किया. अजय राय ने गृहमंत्री अमित शाह की अनुपस्थिति पर सवाल उठाते हुए कहा कि राहुल गांधी प्रयागराज के केपी ग्राउंड में आठ अगस्त को लाखों बच्चों से संवाद करेंगे. इस संवाद में बेरोजगारी और पेपरलीक जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की जाएगी. उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि “छात्रों की गूंज” कार्यक्रम लाखों छात्रों और नौजवानों की भागीदारी के साथ उत्तर प्रदेश के छात्र-युवा आंदोलन को नई दिशा देगा और इतिहास रचेगा.
उन्होंने यह भी कहा कि चढ़ावा चोर अभी भी पुलिस की गिरफ्त से दूर है, जो कि कानून व्यवस्था पर सवाल उठाता है. अजय राय ने राम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा के दौरान अनिल मिश्रा के गेरूआ वस्त्र में प्रधानमंत्री मोदी के साथ खड़े होने का उल्लेख करते हुए कहा कि कोई भी गेरूआ वस्त्र धारी साधु महात्मा नहीं हो सकता. यह बयान उन्होंने समाज में धार्मिक प्रतीकों के दुरुपयोग के संदर्भ में दिया. उन्होंने कहा कि नृपेंद्र मिश्रा, डॉ. अनिल मिश्रा, गोविंद देव गिरी और चंपत राय बंसल की भूमिका की भी जांच होनी चाहिए और उनके विरुद्ध भी कानून के अनुसार कार्रवाई की जानी चाहिए. उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति को उसके पद, प्रभाव या राजनीतिक संबंधों के आधार पर संरक्षण नहीं मिलना चाहिए और कानून सबके लिए समान होना चाहिए. उन्होंने गुजरात में राशन कोटेदारों को मिलने वाले मानदेय का जिक्र करते हुए कहा कि वहां राशन कोटेदार को दो सौ रुपए प्रति कुंतल और 20 हजार रुपए मानदेय मिलता है.
ALSO READ : काशी के संगीत को डाक विभाग का नमन, बनारस घराने के 5 दिग्गजों पर जारी हुआ पोस्टकार्ड सेट
अजय राय ने मांग की कि उत्तर प्रदेश में भी प्रति क्विंटल राशन के लिए 90 रुपए के बजाय दो सौ रुपए मिलना चाहिए. कांग्रेस की यह रणनीति आगामी चुनावों में पार्टी की स्थिति को मजबूत करने के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है. अजय राय ने कहा कि पार्टी हर मुद्दे पर जनता के बीच जाएगी और उनकी समस्याओं को उठाएगी. उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि कांग्रेस का उद्देश्य केवल सत्ता में आना नहीं है, बल्कि जनता की समस्याओं का समाधान करना है.
इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में अजय राय ने कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को भी प्रेरित किया कि वे जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं को समझें और उन्हें पार्टी की योजनाओं से अवगत कराएं. उन्होंने कहा कि कांग्रेस का यह प्रयास होगा कि वह हर वर्ग के लोगों को साथ लेकर चले. इसके साथ ही विभिन्न विषयाें को लेकर भी वह सरकार पर हमलावर रहे. पत्रकार वार्ता में जिलाध्यक्ष राजेश्वर सिंह पटेल , महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे, प्रदेश प्रवक्ता संजीव सिंह , महानगर अध्यक्ष युवा कांग्रेस चंचल शर्मा भी उपस्थिति रहे.



