आरडीएसओ महानिदेशक प्रभास दनसाना ने किया बरेका का दौरा, लोको निर्माण और नवाचार पर हुआ मंथन...

वाराणसी: अनुसंधान अभिकल्प एवं मानक संगठन (आरडीएसओ) के महानिदेशक प्रभास दनसाना ने रविवार को बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) का दौरा कर रेल इंजनों के निर्माण कार्यों और उत्पादन प्रक्रियाओं का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने बरेका के महाप्रबंधक आशुतोष पंत से शिष्टाचार भेंट कर भारतीय रेल के तकनीकी आधुनिकीकरण, अनुसंधान एवं विकास तथा लोकोमोटिव मानकीकरण से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की.

निरीक्षण के दौरान महानिदेशक ने लोको फ्रेम शॉप, लोको असेंबली शॉप, ट्रक मशीन शॉप और लोको टेस्ट शॉप का भ्रमण किया. उन्होंने रेल इंजनों के निर्माण की विभिन्न प्रक्रियाओं, गुणवत्ता नियंत्रण प्रणाली और आधुनिक वेल्डिंग तकनीकों का अवलोकन करते हुए उत्पादन दक्षता एवं गुणवत्ता मानकों के प्रति बरेका की प्रतिबद्धता की सराहना की.
महाप्रबंधक आशुतोष पंत ने उन्हें बरेका की उपलब्धियों और लोको उत्पादन क्षमता के बारे में विस्तृत जानकारी दी. दौरे के दौरान मुख्य विद्युत इंजीनियर (लोको) अरविंद कुमार जैन, उप मुख्य विद्युत इंजीनियर सुदीप रावत सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे.
ALSO READ :नमो घाट पर उमड़ी भीड़ से राजघाट-पड़ाव मार्ग जाम, वाहनों की लगी लंबी कतारें
बैठक में अनुसंधान, नवाचार और उत्पादन इकाइयों के बीच बेहतर समन्वय, उन्नत तकनीकों के प्रभावी क्रियान्वयन तथा भारतीय रेल को अधिक सुरक्षित, आधुनिक और दक्ष बनाने की दिशा में सामूहिक प्रयासों पर विशेष जोर दिया गया.



