बीएचयू के शिक्षा संकाय में संशोधित सिलेबस को मिली मंजूरी, बैठक में हुआ अनुमोदन...

वाराणसी : काशी हिन्दू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के शिक्षा संकाय में शनिवार को अध्ययन मंडल की बैठक आयोजित की गई.बैठक में शिक्षा संकाय के विभिन्न शैक्षणिक कार्यक्रमों और पाठ्यक्रमों की समीक्षा करते हुए उन्हें समयानुकूल और गुणवत्तापूर्ण बनाने पर चर्चा की गई.
बैठक के दौरान बी.एड., एम.एड. और पीएच.डी. कार्यक्रमों के साथ विशेष शिक्षा (दृष्टिबाधित एवं श्रवणबाधित) तथा एम.ए. (शिक्षा) के पाठ्यक्रमों का पुनरीक्षण किया गया.विशेषज्ञों के सुझावों और अकादमिक जरूरतों को ध्यान में रखते हुए संशोधित पाठ्यक्रमों को अनुमोदन प्रदान किया गया.
बैठक में शिक्षा संकाय के सदस्यों के अलावा विभिन्न संबद्ध संस्थानों के विशेषज्ञ भी शामिल हुए.बाह्य विशेषज्ञ के रूप में अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के प्रो. गुंजन दुबे और डॉ. भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय, लखनऊ के प्रो. हरिशंकर सिंह ने पाठ्यक्रमों, अध्यादेशों और पाठ्यचर्या पर अपने सुझाव दिए.विचार-विमर्श के बाद संशोधित पाठ्यक्रमों को अंतिम स्वीकृति दी गई.
ALSO READ : वाराणसी में इस जगह पहली बार होगा डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई नेक्सजेन गोल्फ टूर्नामेंट, तैयारियां पूरी...
शिक्षा संकाय के प्रमुख डॉ. सुनील कुमार सिंह ने कहा कि बदलते समय और शैक्षणिक आवश्यकताओं के अनुरूप पाठ्यक्रमों का अद्यतन विद्यार्थियों को बेहतर और समकालीन शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है.उन्होंने बैठक में शामिल विशेषज्ञों और सदस्यों का आभार जताया.



