वाराणसी में सड़क हादसा : ट्रैक्टर ने ली बाइक सवार युवक की जान, परिवार में कोहराम

वाराणसी : लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र के बेलवाबाबा बाजार स्थित देवा महाविद्यालय के सामने शनिवार को तड़के करीब चार बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ जिसमें ट्रैक्टर और बाइक की टक्कर में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया. हादसा तेज रफ्तार के कारण होने की बात सामने आ रही है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है तथा ट्रैक्टर चालक की तलाश की जा रही है. क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि देवा महाविद्यालय के आसपास कई सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं. ऐसे में जांच के बाद सड़क पर मौत बनकर दौड़ रहे ट्रैक्टर और उसके चालक तक पुलिस जल्द पहुंच सकती है.
जानकारी के अनुसार, किशन (24) पुत्र रामदयाल निवासी चौबेपुर खुर्द, चोलापुर की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं बाइक पर सवार अजय नामक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक सवारों ने हेलमेट नहीं पहन रखा था. घटना के बाद परिजन भी अस्पताल पहुंच चुके हैं.
ALSO READ:वाराणसी में एअर गन से कुत्ते को मारी गोली, आक्रोशित कालोनी वासियों ने बताई यह वजह...
डिवाइडर से टकराई बाइक, युवक की मौत
बड़ागांव थाना क्षेत्र के हरहुआ ओवरब्रिज पर शुक्रवार देर रात हुए सड़क हादसे में अस्सी घाट निवासी पुष्कर पांडेय की मौत हो गई. पुष्कर बाइक से वाराणसी से बाबतपुर की ओर जा रहा था. बाइक की रफ्तार काफी तेज थी. हरहुआ ओवरब्रिज पर पहुंचते ही बाइक अनियंत्रित होकर बीच डिवाइडर से टकरा गई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार पुष्कर पांडेय गंभीर रूप से घायल हो गया और बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. बड़ागांव थाना प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सिंह ने बताया कि सड़क हादसे में एक युवक की मौत हुई है. शव को मोर्चरी में भेज दिया गया है. हादसे की खबर लगते ही युवक के परिवार में मातम पसर गया.



