अहिल्याबाई होल्कर के योगदान को नमन, काशी विश्वनाथ धाम में हुआ विशेष श्रद्धास्मरण कार्यक्रम...

वाराणसी:लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की स्मृति में गुरुवार को काशी विश्वनाथ धाम में विशेष श्रद्धास्मरण, अर्चन और आरती का आयोजन किया गया. काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास की ओर से आयोजित कार्यक्रम में धाम परिसर स्थित अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उनके सनातन धर्म और धार्मिक धरोहरों के संरक्षण में दिए गए योगदान को याद किया गया.
कार्यक्रम में मंदिर न्यास के अधिकारियों, कर्मचारियों और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया. सभी ने पुष्पांजलि अर्पित कर लोकमाता के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की. इस दौरान उनके जीवन, कार्यों और सनातन संस्कृति के संरक्षण में निभाई गई ऐतिहासिक भूमिका का भी स्मरण किया गया.
न्यास की ओर से कहा गया कि सनातन लोकचेतना को सशक्त और जीवंत बनाए रखने में अहिल्याबाई होल्कर का योगदान अप्रतिम रहा है. काशी विश्वनाथ मंदिर के इतिहास में कई बार आए संकटों और पुनर्निर्माण के दौर में वर्तमान मंदिर स्वरूप के निर्माण में उनकी भूमिका विशेष रूप से उल्लेखनीय है. उनके प्रयासों ने काशी की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को नई मजबूती प्रदान की.
मंदिर न्यास ने कहा कि वह सनातन परंपरा से जुड़े महापुरुषों और महान विभूतियों की प्रेरक गाथाओं को संरक्षित करने तथा समाज तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयासरत है. इसी उद्देश्य से ऐसे आयोजन किए जाते हैं, ताकि आने वाली पीढ़ियां अपने गौरवशाली इतिहास और सांस्कृतिक विरासत से परिचित हो सकें.



