नरेन्द्र मोदी ने निर्वाचित प्रधानमंत्री के तौर पर बनाया नया रिकार्ड, काशी में हुए विविध आयोजन...
वाराणसी : भारतीय लोकतंत्र के इतिहास में 10 जून 2026 एक ऐतिहासिक दिन के रूप में दर्ज हो गया है. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी देश के सबसे लंबे समय तक लगातार पदभार संभालने वाले प्रधानमंत्री बनकर पुराने रिकॉर्ड को पीछे छोड़ नया रिकार्ड स्थापित किया. भाजपा ने इसे केवल एक राजनीतिक उपलब्धि नहीं, बल्कि देश की जनता के अटूट विश्वास, सुशासन, विकास और राष्ट्र निर्माण के प्रति प्रधानमंत्री मोदी की प्रतिबद्धता की ऐतिहासिक स्वीकृति बताया है. केंद्र में मोदी सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देश के सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री पद संभालने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा बुधवार को जिला एवं महानगर में विविध सेवा, स्वच्छता, धार्मिक एवं जनजागरण कार्यक्रमों का व्यापक आयोजन किया. मंदिर में पूजन कर आशीर्वाद लिया.इन कार्यक्रमों का मार्गदर्शन भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी करेंगे, जो स्वयं भी विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे. वह शाम को दीपोत्सव में शामिल होंगे. यह आयोजन श्री काशी विश्वनाथ धाम में होगा. भाजपा काशी क्षेत्र के अध्यक्ष दिलीप पटेल ने बताया कि विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों, प्रमुख मंदिरों, घाटों एवं सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता अभियान और पौधारोपण कार्यक्रम हुए. जनसेवा के विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया. विभिन्न अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, वृद्धाश्रमों, अनाथालयों और सेवा संस्थानों में फल, दवा, वस्त्र, साबुन एवं अन्य आवश्यक सामग्री वितरित किए गए.इन कार्यक्रमों में प्रदेश के कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर, स्टाम्प एवं न्यायालय पंजीयन शुल्क राज्य मंत्री रविंद्र जायसवाल, आयुष राज्य मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र "दयालु", राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा, महापौर अशोक तिवारी, विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी, धर्मेंद्र सिंह, डॉ. अवधेश सिंह, सौरभ श्रीवास्तव, विधायक प्रतिनिधि अदिति पटेल, त्रिभुवन राम, महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि तथा जिलाध्यक्ष रामसकल पटेल सहित अनेक जनप्रतिनिधियों ने सहभागिता की.सेवा कार्यक्रमों के अंतर्गत अपना घर आश्रम रोहनिया, जक्खिनी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, चिरईगांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, बड़ागांव, चोलापुर, रामनगर वृद्धाश्रम, दुर्गाकुंड वृद्धाश्रम, काशी अनाथालय, पंडित दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल तथा आयुर्वेद कॉलेज चौकाघाट सहित विभिन्न सेवा केंद्रों पर जरूरतमंदों को सहायता सामग्री वितरित किया गया.भाजपा काशी क्षेत्र अध्यक्ष दिलीप पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का यह नया कीर्तिमान भारतीय लोकतंत्र में जनविश्वास और विकास की राजनीति की विजय का प्रतीक है. उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने बीते 12 वर्षों में गरीब कल्याण, महिला सशक्तीकरण, किसान हित, युवा रोजगार, बुनियादी ढांचे के विकास और वैश्विक मंच पर भारत की प्रतिष्ठा को अभूतपूर्व ऊंचाइयों तक पहुंचाने का कार्य किया है.ALSO READ:राजघाट पुल की रात में होगी मरम्मत, 14 जून से एक सप्ताह तक रहेगा रूट डायवर्जन...वाराणसी में नमामि गंगे ने श्री काशी विश्वनाथ धाम के गंगा द्वार पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए बाबा विश्वनाथ और मां गंगा से आशीर्वाद मांगा. बताया कि इस दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आजाद भारत के इतिहास में एक निर्वाचित प्रधानमंत्री के तौर पर सबसे लंबे समय तक पद पर रहने का पंडित जवाहर लाल नेहरू का रिकॉर्ड तोड़ दिया. गंगा द्वार पर आयोजित इस कार्यक्रम में नमामि गंगे काशी क्षेत्र के संयोजक और नगर निगम के स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर राजेश शुक्ला ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर और राष्ट्रध्वज लेकर मां गंगा की आरती उतारी. पीएम मोदी ने 4399 दिन तक निर्वाचित प्रधानमंत्री रहने का कीर्तिमान स्थापित किया है. इस अवसर पर गंगा द्वार का परिसर बाबा विश्वनाथ और मां गंगा के जयकारों से गूंज उठा. इस आयोजन में प्रमुख रूप से नमामि गंगे काशी क्षेत्र के संयोजक राजेश शुक्ला, ज्ञानेश्वर कुलकर्णी, राजेंद्र, गायत्री, पुरुषोत्तम देशपांडे, शिवांगी, मनीषा, प्रणीता सहित अनेक लोग शामिल रहे.