सारनाथ में स्कार्पियो ने ली एक व्यक्ति की जान, तीन बच्चों से उठा पिता का साया

वाराणसी : सारनाथ थाना क्षेत्र के परशुरामपुर में मंगलवार सुबह एक सड़क हादसा सामने आया, जिसमें साइकिल सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई. हादसे के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने मुआवजे और आरोपी चालक को गिरफ्तार करने की मांग करते हुए क्का जाम कर दिया. मृतक की पहचान 50 वर्षीय संजय राजभर के रूप में हुई है. वह क्षेत्र के नवापुरा सथवा के निवासी बताए जा रहे हैं.

परिजनों के अनुसार, संजय राजभर साइकिल से बह काम पर जा रहे थे. इसी दौरान परशुरामपुर मोड़ के पास स्कार्पियो ने उन्हें टक्कर मार दी. हादसे के बाद चालक वाहन लेकर भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन स्थानीय लोगों ने पीछा कर वाहन को पकड़ लिया. हालांकि, चालक मौके से फरार हो गया. घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया. सूचना के बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाकर जाम समाप्त कराया. इस दौरान यातायात कुछ देर तक प्रभावित रहा.
ALSO READ : राजघाट खुदाई में मिले मानव कंकाल पर बीएचयू में आनुवंशिक अध्ययन , सवालों का मिलेगा जवाब
मृतक के रिश्तेदार ने बताया कि संजय राजभर अपने पीछे तीन बच्चों (दो बेटे और एक बेटी) को छोड़ गए हैं. तीनों की अभी शादी नहीं हुई है. परिजनों ने सरकार से मृतक के परिवार के लिए उचित मुआवजा देने की मांग की है. उनका कहना है कि परिवार के भरण-पोषण और बच्चों के भविष्य को देखते हुए आर्थिक सहायता दी जानी चाहिए. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है. फरार वाहन चालक की तलाश जारी है और हादसे के संबंध में अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है.



