वरुणा जोन में अपराध नियंत्रण को लेकर पुलिस की बड़ी समीक्षा बैठक, डीसीपी ने दिए सख्त निर्देश

वाराणसी. अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए वरुणा जोन में पुलिस अधिकारियों की क्राइम मीटिंग आयोजित की गई। पुलिस आयुक्त वाराणसी के निर्देशन में आयोजित बैठक की अध्यक्षता पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन ने की। इसमें जोन के सभी सहायक पुलिस आयुक्त, प्रभारी निरीक्षक, थानाध्यक्ष एवं संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में अपराध की रोकथाम, लंबित विवेचनाओं, वांछित एवं वारंटी अभियुक्तों की गिरफ्तारी सहित कानून-व्यवस्था से जुड़े विभिन्न मुद्दों की विस्तृत समीक्षा की गई। डीसीपी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि अपराधियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जाए और आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ प्रभावी वैधानिक कार्रवाई की जाए।
वांछित और इनामी अपराधियों पर कसें शिकंजा
डीसीपी ने वांछित, वारंटी एवं पुरस्कार घोषित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। साथ ही हत्या, लूट, चोरी, वाहन चोरी, नकबजनी जैसे गंभीर अपराधों वाले क्षेत्रों को चिन्हित कर वहां प्रभावी गश्त और चेकिंग बढ़ाने को कहा गया।
विवेचनाओं के समयबद्ध निस्तारण पर जोर
लंबित विवेचनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि प्रत्येक मामले की विवेचना साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरी की जाए। निर्धारित 60/90 दिवस की समयावधि में विवेचनाओं का निस्तारण सुनिश्चित करने तथा अनावश्यक रूप से मामलों को लंबित नहीं रखने के निर्देश दिए गए। विवेचनाओं में ई-साक्ष्य के प्रभावी उपयोग और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों को विधिक प्रक्रिया के अनुरूप सुरक्षित रखने पर भी जोर दिया गया।
ALSO READ : वाराणसी में रोपवे परियोजना के काम में तेजी, मंडलायुक्त ने किया स्थलीय निरीक्षण
एनडीपीएस और निरोधात्मक कार्रवाई पर विशेष जोर
अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री में शामिल लोगों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रभावी कार्रवाई करने तथा पूरे नेटवर्क और मादक पदार्थों के स्रोत का पता लगाने के निर्देश दिए गए। अपराध की रोकथाम के लिए आपराधिक प्रवृत्ति वाले एवं संदिग्ध व्यक्तियों को चिन्हित कर धारा 111 बीएनएसएस के तहत नियमानुसार निरोधात्मक कार्रवाई करने को कहा गया।
महिला-बाल सुरक्षा और जनशिकायतों को प्राथमिकता
महिला एवं बाल अपराधों में त्वरित और संवेदनशील कार्रवाई के साथ स्कूल-कॉलेज, बाजार और सार्वजनिक स्थानों पर प्रभावी पुलिस मौजूदगी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। थानों पर आने वाले फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से सुनकर समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर भी विशेष जोर दिया गया।
बैठक में रात्रि गश्त, पैदल गश्त और संदिग्ध वाहनों एवं व्यक्तियों की चेकिंग बढ़ाने के साथ आगामी त्योहारों एवं महत्वपूर्ण आयोजनों को देखते हुए संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए गए।
बैठक के अंत में पुलिस उपायुक्त ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि अपराध नियंत्रण, जनसुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी अधिकारी पूरी निष्ठा, तत्परता और संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें तथा आमजन में पुलिस के प्रति विश्वास को और मजबूत करें।



