एमएलसी चुनाव: वाराणसी में मतगणना स्थल जाने से रोकने पर बीजेपी कार्यकर्ता धरने पर बैठे, पुलिस से नोकझोंक

वाराणसी : स्नातक एमएलसी चुनाव की मतगणना के दौरान बुधवार को पहाड़िया मंडी स्थित मतगणना स्थल के पश्चिमी गेट पर बीजेपी कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच नोकझोंक हो गई. बताया जा रहा है कि बीजेपी कार्यकर्ता पुलिस को हटाकर मतगणना स्थल के अंदर जाने की मांग कर रहे थे. रास्ते में रोके जाने पर उनकी पुलिसकर्मियों से कहासुनी हुई और कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए वहीं धरने पर बैठ गए. हालांकि, मौके पर स्थिति फिलहाल सामान्य बताई जा रही है. मतगणना स्थल के दोनों गेटों पर भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है.
जानकारी के मुताबिक, मतगणना के दौरान पहड़िया मंडी में कथित तौर पर बीजेपी और समाजवादी पार्टी के एजेंटों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी. इसके बाद बीजेपी एक एजेंट बाहर आया और कार्यकर्ताओं को मतगणना स्थल के अंदर की जानकारी दी. इसके बाद बीजेपी कार्यकर्ता उग्र होकर नारेबाजी करने लगे और अंदर जाने की मांग करने लगे. गेट के समीप पहुंचते ही पुलिस ने उन्हें गेट पर रोक दिया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच जमकर नोकझोंक और धक्कामुक्की हुई. इस दौरान पुलिस के बार बार समझाने पर कार्यकर्ता धरने पर बैठ गए और नारेबाजी करने लगे.
ALSO READ : वाराणसी में स्नातक एमएलसी चुनाव में सपा प्रत्याशी आशुतोष सिन्हा चौथे चरण में 7195 मतों से आगे
घटना के बाद मतगणना स्थल के पश्चिमी गेट सहित आगे और पीछे के प्रवेश द्वारों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई. मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल को तैनात कर दिया गया है. पुलिसकर्मी मतगणना स्थल पर प्रवेश करने वालों की जांच कर रहे हैं और केवल अधिकृत व्यक्तियों को ही अंदर जाने की अनुमति दी जा रही है. प्रशासन की ओर से स्थिति पर नजर रखी जा रही है. बता दें कि स्नातक सीट पर सपा के प्रत्याशी आगे चल रहे हैं. मतगणना के दौरान दोनों प्रमुख दलों के समर्थकों की नजर परिणामों पर टिकी हुई है. बढ़त को लेकर राजनीतिक सरगर्मी भी तेज है. मतगणना स्थल पर किसी तरह की अव्यवस्था न हो, इसके लिए पुलिस बल सतर्क है. फिलहाल पश्चिमी गेट पर हुई नोकझोंक के बाद स्थिति सामान्य बनी हुई है और मतगणना की प्रक्रिया जारी है. गौरतलब है कि वाराणसी खंड शिक्षक सीट पर समाजवादी पार्टी के लाल बिहारी यादव निर्वाचित हो चुके हैं और अब स्नातक सीट पर मतगणना की प्रक्रिया जारी है. उम्मीद जताई जा रही है कि देर रात तक स्नातक सीट पर भी परिणाम घोषित हो सकते हैं.



