स्कॉर्पियो सवार युवकों ने की युवती से अभद्रता, एक आरोपी गिरफ्तार

Youths in Scorpio misbehaved with a girl, one accused arrested
वाराणसी: बीएचयू परिसर से सटे हैदराबाद गेट पर स्कॉर्पियो सवार युवकों द्वारा एक युवती से अभद्रता करने का मामला सामने आया है. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दूसरे फरार आरोपी की तलाश जारी है.

घटना को अंजाम दें आरोपी मौके से फरार
जानकारी के अनुसार, युवती ने साहस दिखाते हुए आरोपियों की हरकत का विरोध करते हुए घटना का वीडियो बनाया और शोर मचाया. आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुटने लगे. भीड़ बढ़ती देख आरोपी स्कॉर्पियो समेत वहां से फरार हो गए. सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होते ही पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेकर कार्रवाई शुरू कर दी.
मामले की जांच में जुटी पुलिस
वीडियो वायरल होने के बाद एसीपी भेलूपुर के निर्देश पर चितईपुर थाना पुलिस ने विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की. कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक आरोपी दीप नारायण सिंह (29), निवासी रॉबर्ट्सगंज, सोनभद्र को गिरफ्तार कर लिया. घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन को भी पुलिस ने जब्त कर लिया है. एसीपी गौरव कुमार ने बताया कि फरार दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है. उन्होंने कहा कि जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर मामले में सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.

जिला बदर के बावजूद वाराणसी में छिपा अपराधी गिरफ्तार
वाराणसी कमिश्नरेट पुलिस द्वारा अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे सख्त अभियान के तहत थाना कैण्ट पुलिस ने एक अभ्यस्त अपराधी को गिरफ्तार किया है, जो जिला बदर होने के बावजूद चोरी-छिपे शहर में रह रहा था. पुलिस आयुक्त वाराणसी के निर्देश पर, पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन, अपर पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन और सहायक पुलिस आयुक्त सर्किल कैण्ट के पर्यवेक्षण में “जीरो टॉलरेंस” नीति के तहत यह कार्रवाई की गई.

Also read: 42 डिग्री पार तापमान ने रोकी काशी की रौनक, सूने पड़े घाट, पर्यटक मायूस
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुरेश कुमार मौर्या निवासी – अर्दली बाजार, थाना कैण्ट, वाराणसी के रूप में हुई है. आरोपी को न्यायालय द्वारा उ०प्र० गुण्डा नियंत्रण अधिनियम 1970 के तहत 6 माह के लिए जिला बदर किया गया था. आदेश की तामील 27 मार्च 2026 को करा दी गई थी, लेकिन इसके बावजूद आरोपी वाराणसी में ही अपने घर पर छिपकर रह रहा था.



