तेज रफ्तार बाइक की चपेट में आकर सात वर्षीय बालिका की मौत, पुलिस गिरफ्त में आरोपी

वाराणसी: फूलपुर थाना क्षेत्र के फूलपुर-खालिसपुर मार्ग पर रविवार शाम सड़क हादसे में सात वर्षीय बालिका की मौत हो गई. घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया, गुस्साए लोग शव लेकर बाइक चालक के घर पहुंच गए और कार्रवाई की मांग करने लगे. मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित कर आरोपी चालक को हिरासत में ले लिया है.

बाइक ने बालिका को मारी जोरदार टक्कर
खालिसपुर की ओर से एक युवक तेज रफ्तार बाइक लेकर फूलपुर की तरफ जा रहा था, आदि हिन्दू प्राथमिक विद्यालय के सामने सड़क किनारे पैदल जा रही सात वर्षीय नित्या राजभर को बाइक ने जोरदार टक्कर मार दी, प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर के बाद बालिका बाइक में फंस गई और चालक उसे करीब 50 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया. लोगों के शोर मचाने पर चालक ने बाइक की रफ्तार कम की, जिससे बालिका अलग हुई, लेकिन वह मौके से भाग निकला, गंभीर रूप से घायल बालिका को तत्काल स्थानीय चिकित्सक के पास ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

ALSO READ: नदी में कूदने से ट्रक चालक की मौत, जांच में जुटी पुलिस
हादसे की जांच में पुलिस
हादसे की सूचना मिलते ही क्षेत्र में आक्रोश का माहौल बन गया. घटना से नाराज परिजन और ग्रामीण शव लेकर फूलपुर कस्बा निवासी बाइक चालक के घर पहुंच गए तथा उसे बाहर निकालने की मांग करने लगे, सूचना पर इंस्पेक्टर राजीव कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाकर शांत कराया. पुलिस ने आरोपी चालक सुभाष पटेल को हिरासत में ले लिया, इस मामले में मृतका नित्या के पिता जितेंद्र राजभर ने फूलपुर थाने पर तहरीर दी है. नित्या एक भाई और दो बहनों में मझली थी.



