नदी में कूदने से ट्रक चालक की मौत, जांच में जुटी पुलिस
वाराणसी: राजवारी गांव स्थित गोमती नदी पुल पर सोमवार तड़के एक ट्रक चालक की संदिग्ध परिस्थितियों में नदी में कूदने से मौत हो गई. घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने चालक को नदी से बाहर निकलवाकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नरपतपुर भेजा, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. पुलिस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है.

जांच में जुटी पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान रणजी पाल 53 वर्ष निवासी खैराई जनपद सोनभद्र के रूप में हुई है, वह ट्रक लेकर गाजीपुर से वाराणसी की ओर आ रहा था. बताया जा रहा है कि उसी दौरान एक कार भी आगे चल रही थी, जिसमें एक परिवार के सदस्य सवार थे. राजवारी स्थित गोमती पुल पर पहुंचने के बाद कार अचानक ट्रक के सामने रुक गई.
इस दौरान कार के दोनों साइड के शीशे भी क्षतिग्रस्त हो गए. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इसी बीच अचानक ट्रक चालक रणजी पाल ट्रक से बाहर निकला और पुल से गोमती नदी में कूद गया. सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से उसे बाहर निकलवाया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी, पुलिस ने बताया कि कार सवार लोगों की पहचान इंदारा कोपागंज मऊ निनासी प्रशांत कुमार सिंह, अंजली सिंह और गाजीपुर पुलिस लाइन की रहने वाली आशा सिंह के रूप में हुई है. कार में दो बच्चे भी बैठे थें.

ALSO READ: जनता दर्शन में मंडलायुक्त ने सुनीं फरियादियों की समस्याएं
पुलिस का कहना है कि चालक के नदी में कूदने के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है. कार सवार लोगों से पूछताछ की जा रही है, मामले की जांच जारी है और सभी तथ्यों के सामने आने के बाद ही घटना के कारणों के संबंध में कुछ कहा जा सकेगा. शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.



