सिगरा पुलिस और एसओजी की ताबड़तोड़ कार्रवाई, दो अवैध हुक्का बारों पर छापा, नशे की सामग्री बरामद

वाराणसी: कमिश्नरेट वाराणसी में अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना सिगरा पुलिस और एसओजी टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए थाना क्षेत्र में संचालित दो अवैध हुक्का बारों पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान संचालकों समेत कुल 17 लोगों को हिरासत में लिया गया, जबकि दो संचालक मौके से फरार हो गए.
पुलिस आयुक्त के निर्देश पर हुई इस कार्रवाई में टीम ने पहला छापा पूर्णिका होटल के बेसमेंट में संचालित “लव बाइट हुक्का बार” पर मारा। पुलिस के अनुसार इसका संचालन अभिषेक सोनकर और अजीत बिन्द द्वारा किया जा रहा था। वहीं दूसरी कार्रवाई आकाशवाणी तिराहे के पास संचालित “लार्ड ऑफ शीशा” हुक्का बार पर की गई, जिसका संचालक नितेश विश्वकर्मा उर्फ बाबू बताया गया है.
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में नशीले पदार्थ, हुक्का फ्लेवर और हुक्का उपकरण बरामद किए। पुलिस के पहुंचते ही अभिषेक सोनकर और अजीत बिन्द मौके से फरार हो गए, जबकि अन्य लोगों को पकड़कर पूछताछ की जा रही है.
ALSO READ: UPSC परीक्षा को लेकर वाराणसी में हाई अलर्ट...
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पकड़े गए लोगों के आपराधिक और अन्य रिकॉर्ड की जांच की जा रही है। साथ ही फरार संचालकों की तलाश में दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि शहर में अवैध रूप से संचालित हुक्का बार और नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा.



