सीवर लाइन में मिलीं बालू भरी बोरियां, नगर निगम ने साजिश की जताई आशंका

वाराणसी। शहर में सीवर जाम और जलभराव की समस्या के बीच नगर निगम प्रशासन ने सीवर लाइनों में बालू भरी बोरियां, पत्थर, लकड़ी का बुरादा, प्लाई और प्लास्टिक की सामग्री मिलने का दावा किया है। नगर निगम के मुताबिक शिवाला, सरायनंदन, नगवा समेत करीब आधा दर्जन वार्डों की मुख्य सीवर लाइनों की सफाई के दौरान यह सामग्री मिली है। प्रशासन ने इसे मुख्य सीवर लाइन को जानबूझकर जाम करने की साजिश बताते हुए अज्ञात लोगों के खिलाफ भेलूपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए तहरीर दी है।
शनिवार को महापौर अशोक कुमार तिवारी और नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने पार्षदों और अधिकारियों के साथ शिवाला वार्ड में अग्रवाल रेडियो के पास मौके का निरीक्षण किया। नगर निगम के अनुसार, शुक्रवार रात सीवर लाइन की सफाई के दौरान करीब 12 बोरी बालू निकाली गईं। अधिकारियों का कहना है कि मुख्य सीवर लाइन जाम होने के कारण सहायक गलियों में सीवर ओवरफ्लो की स्थिति पैदा हुई और जलभराव की समस्या बढ़ी।
महापौर ने कहा कि नगर निगम और जलकल विभाग की टीमें जलभराव वाले क्षेत्रों में लगातार काम कर रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर नगर निगम को निशाना बनाकर जलभराव की भ्रामक तस्वीरें और वीडियो प्रसारित किए जा रहे हैं। उन्होंने सीवर लाइन में बालू की बोरियां मिलने को गंभीर मामला बताते हुए इसकी जांच कराने की बात कही।
ALSO READ : साड़ी कारोबारी से 47 लाख की धोखाधड़ी, हैदराबाद और बेंगलूरू की कंपनियों पर प्राथमिकी
सीसीटीवी फुटेज से होगी पहचान
नगर निगम प्रशासन अब क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रहा है। अधिकारियों का कहना है कि सीवर लाइनों में सामग्री डालने वाले लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने भी इस मामले में अवांछनीय तत्वों की संलिप्तता की आशंका जताई है।
भेलूपुर थाने में दी गई तहरीर
जलकल विभाग के जोन-2 के अधिशासी अभियंता की ओर से भेलूपुर थाने में तहरीर दी गई है। तहरीर के अनुसार, शिवाला वार्ड संख्या-75 में कूड़ा घर रत्नाकर पार्क के पास अग्रवाल रेडियो के निकट जलभराव की समस्या के निस्तारण के लिए मुख्य सीवर लाइन की सफाई की जा रही थी। इसी दौरान बड़ी मात्रा में बालू से भरे बोरे मिले। तहरीर में आरोप लगाया गया है कि अज्ञात लोगों ने मुख्य सीवर लाइन को जाम कर जलकल विभाग और शहर की छवि धूमिल करने के उद्देश्य से यह कृत्य किया।
नगर निगम ने शहरवासियों से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति सीवर लाइन या सरकारी परिसंपत्तियों से छेड़छाड़ करता दिखाई दे तो तत्काल नगर निगम को इसकी सूचना दें।



