वाराणसी में हेरोइन और नकदी के साथ तस्कर गिरफ्तार, सारनाथ पुलिस ने की कार्रवाई

वाराणसी : सारनाथ थाने की पुलिस ने एक हेरोइन तस्कर को गिरफ्तार किया है. उसके पास से लाखों रुपये मूल्य की 19 ग्राम हेरोइन और 1350 रुपये नकद बरामद किए गए हैं. आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है. आरोपी की तलाश पुलिस कई दिनों से कर रही थी.
थाना प्रभारी सारनाथ पंकज कुमार त्रिपाठी ने बताया कि बीती रात सारनाथ पुलिस इलाके में गश्त कर रही थी. इसी दौरान पुलिस टीम को थाना क्षेत्र के हवेलिया रेलवे क्रॉसिंग स्थित त्रिदेव अपार्टमेंट के पास एक हेरोइन तस्कर के मौजूद होने की सूचना मिली.
सूचना के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची. रात करीब 11:40 बजे एक युवक अपार्टमेंट की दीवार के किनारे छिपा खड़ा था. पुलिस टीम को देखकर वह अपार्टमेंट की बाउंड्री कूदकर भागने लगा. पुलिस ने पीछा कर उसे कुछ दूर पर उसे दबोच लिया. तलाशी लेने पर उसकी जेब से हेरोइन का एक पैकेट और 1350 रुपये नकद बरामद हुए.
ALSO READ: काशी के कोतवाल ने किया नगर भ्रमण, शोभायात्रा में उमड़ा जनसैलाब
पकड़े गए युवक की पहचान मूरत राजभर उर्फ कुत्तू राजभर पुत्र मुन्ना राजभर, निवासी पैगंबरपुर कुआं, थाना सारनाथ, वाराणसी के रूप में हुई. पूछताछ में तस्कर ने बताया कि वह हेरोइन पीने का आदी है. उसने महंगी हेरोइन बड़ी मात्रा में खरीदकर रखी थी, जिसे वह अलग-अलग इलाकों में घूम-घूमकर युवा पीढ़ी को बेचता था. मुनाफे के पैसों से वह अपने नशे की पूर्ति करता था.
सारनाथ पुलिस ने आज दोपहर चिकित्सकीय परीक्षण के बाद आरोपी को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया, जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया. गिरफ्तारी करने वाली टीम में थाना प्रभारी पंकज कुमार त्रिपाठी, चौकी प्रभारी पुराना पुल अनुज कुमार शुक्ला, सब इंस्पेक्टर अमरजीत कुमार, हेड कांस्टेबल दिलीप यादव, पंकज सिंह और कांस्टेबल सुमित कुमार सिंह शामिल थे.



