सोलर कारोबारी लूटकांड में एक और गिरफ्तार, रॉड से हमला कर लूटे थे नकदी-मोबाइल

वाराणसी: राजातालाब थाना क्षेत्र में सोलर कारोबारी पर हमला कर नकदी और मोबाइल लूटने के मामले में पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी विशाल गुप्ता को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने उसे मंगलवार को रानी बाजार स्थित रेलवे क्रॉसिंग के पास से पकड़ा. गिरफ्तारी के बाद पुलिस आरोपी से घटना के संबंध में पूछताछ कर रही है. राजातालाब थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार ने बताया कि इस मामले में विकास कुमार नाम के आरोपी को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है. प्रकाश में आए अभियुक्त विशाल गुप्ता को मंगलवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा, जहां से उसे जेल भेजने की कार्रवाई की जाएगी.
राजातालाब के महावन गांव निवासी राजेश कुमार सिंह ने 6 मई 2025 को थाने में तहरीर दी थी. उन्होंने बताया था कि उनके भाई रमेश कुमार सिंह सोलर वेंडर का काम करते हैं. 28 अप्रैल 2025 की शाम करीब 6 बजे रमेश काम से घर लौट रहे थे. इसी दौरान महावन गांव स्थित सरकारी ट्यूबवेल के पास गांव के रहने वाले राहुल सिंह और विकास सिंह समेत दो अज्ञात लोगों ने उन्हें रोक लिया. तहरीर के मुताबिक, आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए रमेश कुमार सिंह पर रॉड और डंडे से हमला कर दिया. हमले में उनके सिर, हाथ और पैर में चोटें आईं और वह जमीन पर गिर गए.
ALSO READ : इंटर फैकल्टी वॉलीबॉल प्रतियोगिता का शानदार आगाज, पहले दिन कला, विज्ञान और आरजीएससी ने दर्ज की जीत
आरोप है कि इसके बाद हमलावर रमेश के पास मौजूद दो मोबाइल फोन और 50 हजार रुपए नकद लेकर मौके से फरार हो गए. घटना के बाद 6 मई 2025 को राजातालाब थाने में तहरीर दी गई. उसी दिन पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी. जांच के दौरान विशाल गुप्ता का नाम सामने आया. पुलिस के अनुसार, घटना के बाद से वह फरार चल रहा था. मंगलवार को पुलिस ने उसे रानी बाजार रेलवे क्रॉसिंग के पास से गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ के बाद पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है.



