भाजपा पर आरक्षण को लेकर सपा का हमला, युवाओं के भविष्य से हो रहा खिलवाड़...

वाराणसी: समाजवादी पार्टी महानगर अध्यक्ष दिलीप डे ने गुरुवार को पराड़कर भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता में भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला. उन्होंने आरोप लगाया कि संविधान निर्माता बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर द्वारा दिए गए आरक्षण के अधिकारों की खुलेआम अनदेखी की जा रही है और प्रदेश में आरक्षित वर्गों के हक पर डाका डाला जा रहा है.
दिलीप डे ने कहा कि एक ओर प्रदेश में बेरोजगारी लगातार बढ़ रही है, वहीं दूसरी ओर सरकारी भर्तियों में ओबीसी, एससी और एसटी वर्ग के लिए निर्धारित आरक्षण का पालन नहीं किया जा रहा है. उन्होंने आरोप लगाया कि शिक्षक, लेखपाल और पुलिस भर्ती समेत 22 विभागों में हुई नियुक्तियों में आरक्षित सीटों पर भारी अनियमितताएं बरती गई हैं.

सपा महानगर अध्यक्ष ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं के लगातार पेपर लीक होने से लाखों युवाओं का भविष्य अंधकारमय हो गया है. कई युवा मानसिक तनाव और अवसाद का शिकार हो चुके हैं, लेकिन सरकार इस गंभीर समस्या पर मौन बनी हुई है. उन्होंने कहा कि महंगाई चरम पर पहुंच चुकी है और रोजमर्रा की जरूरत की वस्तुओं के बढ़ते दामों से आम जनता परेशान है. प्रदेश में हत्या, लूट, बलात्कार और पीडीए वर्ग के लोगों के उत्पीड़न की घटनाओं में लगातार वृद्धि हो रही है.
ALSO READ : अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस प्रोटोकॉल प्रशिक्षण का आयोजन, एनडीआरएफ ने दिया संदेश...
वोटर लिस्ट में गड़बड़ियों का मुद्दा उठाते हुए दिलीप डे ने कहा कि एसआईआर के बाद प्रकाशित मतदाता सूची में व्यापक त्रुटियां सामने आई हैं. इस संबंध में साक्ष्यों सहित जिलाधिकारी को ज्ञापन भी सौंपा गया, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है. उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार लोकतांत्रिक संस्थाओं का दुरुपयोग कर रही है और हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है. पत्रकार वार्ता में महानगर महासचिव योगेंद्र यादव, उपाध्यक्ष सैयद नईम, मीडिया प्रभारी रामजी यादव, महानगर सचिव अनिल साहू, दक्षिणी विधानसभा अध्यक्ष अजहर अली सिद्दीकी, राष्ट्रीय सचिव आरती यादव, नासिर जमाल, अखिलेश गुप्ता एवं जुनैद सहित कई सपा नेता मौजूद रहे.



