Daily Bulletin Tag
AI गार्गी दैनिक बुलेटिन

वाराणसी में शादी बारात से लगा जाम तो पुलिस बजाएगी बाजा, नाचने वाले हो जाएं अलर्ट

वाराणसी में शादी बारात से लगा जाम तो पुलिस बजाएगी बाजा, नाचने वाले हो जाएं अलर्ट
Feb 04, 2026, 07:00 AM
|
Posted By Diksha Mishra

वाराणसी : पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने शहर में बारात, शादी एवं अन्य आयोजनों के दौरान बढ़ते यातायात जाम, सड़क अवरोध और ध्वनि प्रदूषण की समस्या पर कड़ा रुख अपनाते हुए महत्वपूर्ण कदम उठाया है. मंगलवार को यातायात लाइन सभागार में मैरिज लॉन तथा बैंक्वेट हॉल संचालकों, बैंड-बाजा संचालकों और डीजे संचालकों के साथ एक विशेष गोष्ठी आयोजित की गई, जिसमें सभी संबंधित पक्षों को सख्त दिशा-निर्देश जारी किए गए. पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने स्पष्ट किया कि इन निर्देशों का पालन न करने पर मोटर वाहन अधिनियम, ध्वनि प्रदूषण नियंत्रण एवं विनियमन नियम तथा भारतीय न्याय संहिता के तहत कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी, जिसमें लाइसेंस निरस्तीकरण तक की सख्त कार्रवाई शामिल हो सकती है.


VARANSI  POLICE


वाहनों की पार्किंग निर्धारित स्‍थान पर हो


मैरिज लॉन और बैंक्वेट हॉल संचालकों को निर्देश दिए गए कि वाहनों की पार्किंग केवल अनुमोदित नक्शे में दर्शाए गए निर्धारित पार्किंग स्थान पर ही हो. बारात और अतिथि वाहनों को परिसर के अंदर ही पार्क कराना अनिवार्य होगा तथा बाहर सड़क पर पार्किंग बिल्कुल नहीं की जाएगी. यदि निर्धारित पार्किंग का किसी अन्य प्रयोजन के लिए उपयोग पाया गया तो लाइसेंस रद्द करने की कार्रवाई की जाएगी. लॉन संचालकों को बाहर पार्किंग व्यवस्था सुचारु रखने के लिए 3 से 4 कर्मचारियों की तैनाती करनी होगी. आयोजन के दौरान सड़क पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण या यातायात बाधा उत्पन्न नहीं होने दी जाएगी. बारात निकालने से पहले मार्ग पूर्व निर्धारित कर यातायात पुलिस से समन्वय स्थापित करना अनिवार्य होगा.


बैंड-बाजा संचालकों को चेतावनी


बैंड-बाजा संचालकों को सख्त चेतावनी दी गई कि पटाखे फोड़ना, अत्यधिक शोर मचाना या जनसुरक्षा को खतरा पैदा करने वाला कोई भी कार्य पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा. बारात के दौरान रस्सी का प्रयोग अनिवार्य होगा ताकि सड़क का केवल एक-तिहाई भाग ही बारात के लिए उपयोग हो और शेष दो-तिहाई भाग सामान्य यातायात के लिए पूरी तरह खुला रहे. विशेष परिस्थितियों में भी सड़क के एक-तिहाई से अधिक भाग का उपयोग नहीं किया जाएगा. उल्लंघन की स्थिति में बैंड-बाजा संचालकों के खिलाफ तत्काल वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.


डीजे, लाउडस्‍पीकर रात 10 बजे के बाद मनाही


डीजे और लाउडस्पीकर संचालकों को निर्देश दिए गए कि रात्रि 10 बजे के बाद डीजे या संगीत पूरी तरह बंद कर देना अनिवार्य होगा. यदि किसी व्यक्ति द्वारा निर्धारित समय के बाद डीजे बजाने का दबाव बनाया जाता है तो डीजे संचालक तुरंत डायल-112 पर सूचना दें. 80 डेसीबल से अधिक ध्वनि का उपयोग वर्जित रहेगा. साथ ही डीजे वाहन को सड़क के किनारे या यातायात बाधित करने वाले किसी भी स्थान पर खड़ा नहीं किया जाएगा.


ALSO READ : वाराणसी: पूर्वांचल में फिर बदलेगा मौसम का मिजाज


बैठक में अपर पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय शिवहरि मीणा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी, मैरिज लॉन संचालक और डीजे संचालक उपस्थित रहे. पुलिस आयुक्त ने कहा कि ये कदम शहरवासियों को सुगम यातायात और शांतिपूर्ण वातावरण उपलब्ध कराने के लिए उठाए गए हैं, खासकर शादी के मौसम में जब ऐसी समस्याएं आम हो जाती हैं. उन्होंने सभी संबंधित पक्षों से सहयोग की अपील की और कहा कि नियमों का पालन करने से ही बारात जैसी खुशीपूर्ण परंपराएं बिना किसी असुविधा के संपन्न हो सकेंगी.

वाराणसी में हवाई फायरिंग करने वाले को पब्लिक ने पुलिस को सौंपा, पिस्‍टल और कारतूस बरामद...
वाराणसी में हवाई फायरिंग करने वाले को पब्लिक ने पुलिस को सौंपा, पिस्‍टल और कारतूस बरामद...
वाराणसी : शिवपुर थाना क्षेत्र के गिलट बाजार में रविवार देर रात हवाई फायरिंग कर दहशत फैलाने वाले एक युवक को पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से गिरफ्तार कर लिया. आरोपी के कब्जे से .32 बोर की अवैध देशी पिस्टल, चार जिंदा कारतूस, बिना नंबर प्लेट की स्प्लेंडर प्लस बाइक, दो मोबाइल फोन और एक पीली धातु की चेन बरामद हुई है. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है.पुलिस के अनुसार देररात करीब 1:22 बजे शिवपुर पुलिस चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक अमित सिंह अपनी टीम के साथ क्षेत्र में गश्‍त कर रहे थे. इसी दौरान सूचना मिली कि गिलट बाजार-भोजूबीर मार्ग पर एक युवक पिस्टल से हवाई फायरिंग कर मोटरसाइकिल से फरार हो गया है. सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची. स्थानीय लोगों ने पुलिस को बताया कि फायरिंग करने वाला युवक पंचकोशी रोड की ओर भागा है. पुलिस ने पीछा किया तो पंचकोशी रोड स्थित सरकारी राशन की दुकान के पास लोगों ने आरोपी को घेर रखा था. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर युवक को गिरफ्त में ले लिया.पूछताछ में उसकी पहचान अंकित सोनी (24) निवासी ग्राम लखपेड़ा भवानीगंज, थाना संग्रामगढ़, जनपद प्रतापगढ़ के रूप में हुई. तलाशी के दौरान उसके पास से 32 बोर की एक अवैध पिस्टल, जिस पर 'मेड इन यूएसए' अंकित था, तथा चार जिंदा कारतूस बरामद हुए. इसके अलावा बिना नंबर प्लेट की स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल, दो मोबाइल फोन (वीवो और नोकिया), कपड़े तथा पीली धातु की एक चेन भी मिली. पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक चालान एप के माध्यम से बाइक की जांच की तो उसका मूल पंजीकरण नंबर यूपी-72-सीके-9133 मिला. इसके बाद मोटरसाइकिल को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत सीज कर दिया गया.ALSO READ:शारजाह से तस्‍करी कर वाराणसी एयरपोर्ट लाया गया सोना जब्‍त, हिरासत में भारतीय यात्री...थाना प्रभारी अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. यह भी जांच की जा रही है कि आरोपी ने हवाई फायरिंग क्यों की और उसके पास अवैध हथियार कहां से आया. पुलिस उसके आपराधिक इतिहास और अन्य संभावित गतिविधियों की भी पड़ताल कर रही है.
शारजाह से तस्‍करी कर वाराणसी एयरपोर्ट लाया गया सोना जब्‍त, हिरासत में भारतीय यात्री...
शारजाह से तस्‍करी कर वाराणसी एयरपोर्ट लाया गया सोना जब्‍त, हिरासत में भारतीय यात्री...
वाराणसी : राजस्व आसूचना निदेशालय (डीआरआई) ने वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर 491.290 ग्राम विदेशी मूल का सोना जब्त किया है. यह कार्रवाई 26 जुलाई 2026 को की गई, जब अधिकारियों को जानकारी मिली कि एक भारतीय यात्री शारजाह से तस्करी कर सोना भारत ला रहा है.डीआरआई के अधिकारियों ने सुनियोजित अभियान के तहत उस भारतीय नागरिक को रोका, जो शारजाह से वाराणसी पहुंचा था. यात्री की तलाशी और विमान की गहन जांच के दौरान, उसकी सीट के नीचे से पेस्ट/कम्पाउंड के रूप में छिपाकर रखा गया सोना बरामद किया गया. इस निकासी के दौरान कुल 491.290 ग्राम (शुद्ध) 24 कैरेट विदेशी मूल का सोना जब्त किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग ₹70 लाख है. इसके बाद, उक्त यात्री को सीमा शुल्क अधिनियम, 1962 के प्रावधानों के अंतर्गत गिरफ्तार कर लिया गया.डीआरआई ने इस मामले में सिंडिकेट से जुड़े अन्य सदस्यों की पहचान और उनकी संलिप्तता का पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी रखी है. इससे पहले, 23 जुलाई 2026 को, डीआरआई ने कूच बिहार से नई दिल्ली जा रही एक महिला यात्री को गिरफ्तार किया था, जो बांग्लादेश से तस्करी कर विदेशी मूल का सोना ले जा रही थी. इस कार्रवाई में लगभग 4.98 किलोग्राम विदेशी मूल का सोना बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत ₹7.11 करोड़ थी.ALSO READ:मंडुआडीह में किराए के विवाद को लेकर निकली तलवार, हमले का लगा आरोप...डी.आर.आई द्वारा जनवरी 2026 से अब तक उत्तर प्रदेश में आठ विभिन्न मामलों में लगभग 13.267 किलोग्राम तस्करी का विदेशी मूल का सोना जब्त किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत 19 करोड़ है. इन मामलों में नौ व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है. डीआरआई की यह कार्रवाई तस्करी के खिलाफ उनकी सख्त नीति को दर्शाती है और यह संकेत देती है कि वे इस प्रकार के अपराधों को रोकने के लिए गंभीर हैं. अधिकारियों का कहना है कि वे तस्करी के नेटवर्क को तोड़ने के लिए लगातार प्रयासरत हैं और इस दिशा में सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं.
मंडुआडीह में किराए के विवाद को लेकर निकली तलवार, हमले का लगा आरोप...
मंडुआडीह में किराए के विवाद को लेकर निकली तलवार, हमले का लगा आरोप...
वाराणसी : मडुआडीह थाना क्षेत्र के जलालीपट्टी इलाके में उस समय हड़कंप मच गया, जब किराए के विवाद में एक युवक कथित तौर पर हाथ में तलवार लेकर पहुंच गया. आरोप है कि युवक एक परिवार पर हमला करने की नीयत से आया था. घटना के दौरान इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और स्थानीय लोग अपने घरों से बाहर निकल आए. पीड़ित परिवार का आरोप है कि आरोपी युवक सीधे उनके घर की ओर बढ़ा और हमला करने की कोशिश की. इसी दौरान मोहल्ले के एक व्यक्ति ने साहस दिखाते हुए आरोपी को पकड़ लिया, जिससे बड़ी घटना होने से टल गई. इसके बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई.पीड़ित का कहना है कि घटना की सूचना पुलिस को दी गई, लेकिन अब तक आरोपी के खिलाफ कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है. पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया कि पुलिस मामले में गंभीरता नहीं दिखा रही है, जिससे परिवार में दहशत का माहौल बना हुआ है. घटना के बाद इलाके के लोगों ने भी आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है. उनका कहना है कि यदि समय रहते युवक को नहीं रोका जाता तो कोई बड़ा हादसा हो सकता था.also read:सिगरा पुलिस ने शातिर चोर को चोरी के मोबाइल के साथ दबोचा...पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी फुटेजमंडुआडीह थाने की पुलिस ने साफ किया है कि रविवार को ग्राम जलालीपट्टी, थाना मंडुआडीह अंतर्गत किराए व बिजली बिल को लेकर किरायेदार व मकान मालिक के मध्य विवाद हो गया था. विवाद के दौरान एक व्यक्ति के हाथ में तलवार नजर आ रही है जिसके संबंध में जानकारी की जा रही है. घटना में प्रयुक्त तलवार अभी बरामद नहीं हुई है, जिसकी तलाश की जा रही है. आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज/वीडियो का अवलोकन किया जा रहा है. मंडुआडीह पुलिस द्वारा प्रकरण में तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों के विरुद्ध निरोधात्मक कार्रवाई की गई है. प्रकरण में किसी को गंभीर चोट नहीं आई है. मौके पर शांति व्यवस्था कायम है. अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है.