तेज आंधी और झमाझम बारिश से बदला बनारस का मौसम...

वाराणसी में बुधवार शाम मौसम ने अचानक करवट ले ली.तेज आंधी, धूलभरी हवाओं और झमाझम बारिश ने लोगों को भीषण गर्मी से राहत दिलाई, लेकिन कुछ देर के लिए जनजीवन भी प्रभावित हो गया.
शाम करीब 5 बजे के बाद आसमान में काले बादल छा गए और तेज हवाएं चलने लगीं. कुछ ही देर में कई इलाकों में अंधेरा जैसा माहौल बन गया. इसके बाद शुरू हुई तेज बारिश से सड़कों पर अफरा-तफरी का माहौल देखने को मिला.
दोपहिया वाहन चालक, राहगीर और बाजारों में खरीदारी कर रहे लोग दुकानों और शेड के नीचे बारिश रुकने का इंतजार करते नजर आए.
पिछले कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी और तेज धूप से लोग परेशान थे, लेकिन बारिश के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई और मौसम सुहावना हो गया. घाटों और प्रमुख बाजारों में भी कुछ समय के लिए लोगों की आवाजाही थम गई. वहीं कई इलाकों में बिजली की आंखमिचौली भी देखने को मिली.
ALSO READ:वाराणसी कमिश्नरेट: मोहित अग्रवाल ने आधुनिक पुलिसिंग और अनुशासन पर दिया जोर...
भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार पूर्वी उत्तर प्रदेश में पहले से ही तेज हवा, गरज-चमक और बारिश की संभावना जताई गई थी. मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ और बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी के कारण मौसम में यह बदलाव देखने को मिला है.
विशेषज्ञों के मुताबिक प्री-मानसून गतिविधियों के चलते अगले कुछ दिनों तक मौसम इसी तरह बदलता रह सकता है. लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े न होने की सलाह दी गई है.



