वाराणसी में कंटेनर की चपेट में आने से छात्र की मौत, परिवार में मातम...

वाराणसी : फूलपुर थाना क्षेत्र के बाबतपुर चौराहे के पास बुधवार दोपहर करीब 12:45 बजे एक दर्दनाक सडक हादसा हुआ. कंटेनर की चपेट में आने से बुलेट सवार 20 वर्षीय छात्र की मौके पर ही मौत हो गई. पुलिस ने चालक को हिरासत में ले लिया है. शव पोस्टमार्टम के लिए भेज कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है. वहीं हादसे की खबर लगते ही छात्र के परिवार में मातम पसर गया. मौके पर बडी संख्या में आसपास के लोग जुट गए थे.
रघुनाथपुर निवासी जयप्रकाश पटेल का पुत्र अस्मित उर्फ गोलू पटेल शहर से पढ़ाई कर बाइक से घर लौट रहा था. बाबतपुर चौराहे से आगे बढ़ते ही पीछे से आए कंटेनर की टक्कर से वह सड़क पर गिर पड़ा और कंटेनर का पहिया उसके ऊपर से गुजर गया. हेलमेट पहनने के बावजूद शरीर के बीच हिस्से में गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई.
ALSO READ :वाराणसी में उफान पर पेपर लीक का विरोध, काशी विद्यापीठ से जिला मुख्यालय तक प्रदर्शन...
घटना बाबतपुर पुलिस चौकी के समीप होने से इंस्पेक्टर राजीव कुमार सिंह और चौकी प्रभारी विजय कुशवाहा तत्काल मौके पर पहुंचे, चालक को हिरासत में लिया तथा यातायात सामान्य कराया. स्वजन के अनुसार अस्मित इंटरमीडिएट की परीक्षा के बाद मेडिकल प्रवेश परीक्षा की तैयारी कर रहा था. वह दो भाइयों में बड़ा तथा अविवाहित था. सूचना मिलते ही स्वजन मौके पर पहुच गए. हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया. छात्र की मां का रो रोकर बुरा हाल है.



