बीएचयू में फेसबुक पोस्ट को लेकर विवाद में छात्र गुट आमने सामने, पिटाई से तनाव

वाराणसी : बनारस हिंदू विश्वविद्यालय में यूजीसी के विरोध और समर्थन को लेकर माहौल बिगाडने की कोशिश की गई. बताते हैं कि विश्वविद्यालय स्थित राजाराम हास्टल में मंगलवार की रात उस समय विवाद हो गया, जब फेसबुक पर पोस्ट को लेकर छात्रों के दो गुट आमने-सामने आ गए. आरोप है कि यूजीसी के समर्थन में निकाले गए जुलूस का वीडियो और फोटो फेसबुक पर साझा करने से नाराज सामान्य वर्ग के कुछ छात्रों ने ओबीसी वर्ग के एक छात्र की बेरहमी से पिटाई कर दी.
आदर्श कुमार नामक ओबीसी वर्ग के छात्र ने अपने फेसबुक अकाउंट से यूजीसी के समर्थन में आयोजित कार्यक्रम की तस्वीरें और वीडियो साझा की थी. बताया जा रहा है कि इस पोस्ट से दूसरे गुट के सवर्ण वर्ग के छात्र नाराज थे. मंगलवार रात करीब आठ बजे जब आदर्श अपने अन्य साथियों के साथ मेस में खाना खाने जा रहा था, तभी चार छात्रों ने रास्ते में रोक लिया और मारपीट शुरू कर दी.
घटना के बाद घायल छात्र के समर्थन में बड़ी संख्या में छात्र इकट्ठा हो गए. उनका आरोप है कि यह हमला वैचारिक मतभेद और वर्ग विशेष को निशाना बनाकर किया गया है. छात्र शिकायत लेकर चीफ प्रॉक्टर कार्यालय पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा किया.
ALSO READ : कालोनाइजर हत्याकांड का सुपारी किलर बनारसी यादव ढेर
प्रॉक्टोरियल बोर्ड ने मामले को शांत कराने का प्रयास किया. अधिकारियों का कहना है कि दोनों पक्षों की बात सुनी जा रही है और सीसीटीवी फुटेज व प्रत्यक्षदर्शियों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी. पीड़ित छात्र आदर्श ने बताया कि वह एमए प्रथम वर्ष इतिहास का छात्र है. पिटाई के कारण उसके पेट और सिर पर गंभीर चोट आई है. ट्रामा सेंटर में उसका उपचार हुआ है. हमलवारों ने उसे धमकी दी है, इस घटना में राजनीति विज्ञान व समाज शास्त्र के छात्र शामिल हैं. पीड़ित ने आरोपितों के नाम भी बोर्ड को साझा किए हैं, कार्रवाई किए जाने की गुहार लगाई है.



