सारनाथ थाने में तैनात उपनिरीक्षक दुर्गेश सिंह की हृदयाघात से मौत, महकमे में शाेक

वाराणसी : सारनाथ थाने में तैनात उपनिरीक्षक दुर्गेश सिंह का शनिवार को हृदयाघात से निधन हो गया. उनके आकस्मिक निधन की खबर से पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. जानकारी के अनुसार, 49 वर्षीय उपनिरीक्षक दुर्गेश सिंह सारनाथ थाना क्षेत्र के अकथा बीट में सेकेंड ऑफिसर के रूप में तैनात थे. वह मूल रूप से मऊ जिले के हलधरपुर थाना क्षेत्र के मखना पिंडोहरी गांव के निवासी थे और वर्तमान में अपने परिवार के साथ वाराणसी पुलिस लाइन में रहते थे.
शनिवार सुबह करीब नौ बजे उन्हें सीने में तेज दर्द की शिकायत हुई. परिजन तत्काल उन्हें शिव प्रसाद गुप्त मंडलीय चिकित्सालय, कबीरचौरा ले गए. हालत गंभीर होने पर उन्हें ककरमत्ता स्थित एक निजी अस्पताल में रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
ALSO READ : तेलियाबाग में बिजली विभाग के संविदाकर्मी की करंट से मौत, सामने आई गंभीर लापरवाही
दुर्गेश सिंह वर्ष 1997 में उत्तर प्रदेश पुलिस में आरक्षी के पद पर भर्ती हुए थे. विभागीय परीक्षा उत्तीर्ण करने के बाद उन्हें उपनिरीक्षक के पद पर पदोन्नति मिली. वह 4 जनवरी 2023 से सारनाथ थाने में तैनात थे. उनके परिवार में पत्नी, दो पुत्रियां और एक पुत्र हैं. हाल ही में उन्होंने अपनी एक पुत्री का विवाह किया था. उनके निधन पर पुलिस अधिकारियों और सहकर्मियों ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की.



