स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की जमीन हथियाने का आरोप, जांच की मांग

वाराणसीः रोहनिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम सभा जगतपुर में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की जमीन पर भू-माफियाओं द्वारा कब्जा करने का का आरोप ग्रामीँणों ने लगाया है. उनका कहना है कि अधिकारियों की मिलीभगत से करोड़ों रुपये की जमीन को प्लाटिंग के लिए हथियाने की कोशिश की जा रही है.
ग्रामिणों के अनुसार जगतपुर ग्राम सभा में स्थित प्राथमिक विद्यालय के पास स्वतंत्रता संग्राम सेनानी आत्मा सिंह एवं शारदा प्रसाद सिंह की जमीन व तालाब है. भू-माफिया इस जमीन से रास्ता निकालकर अवैध प्लाटिंग करने की फिराक में हैं. इसके लिए वे दिन में और रात में चोरी-छिपे मिट्टी डालकर मार्ग निर्माण का प्रयास कर रहे हैं.
ग्रामीणों ने इस मामले में लेखपाल की मिलीभगत का भी आरोप लगाया है. उनका कहना है कि जमीन पर कब्जे की शिकायत करने पर एसडीएम राजातालाब ने मौके पर पहुंचकर जमीन की पैमाइश व जांच किया था. इसके बावजूद अवैध कब्जे का प्रयास नहीं रुक रहा है. भू माफिया लगातार मिट्टी डालकर रास्ता बनाने का प्रयास कर रहे हैं.
शुक्रवार को भी दोपहर में कई ट्रैक्टरों से मिट्टी लाकर वहां डाली गई. ग्रामीणों को आशंका जताई है कि रात में मौका पाकर भू माफिया पूरी जमीन पर कब्जा कर लेंगे. प्रशासन को कई बार सूचना देने के बाद भी कोई कार्रवाई न होने से भू-माफिया के हौसले बुलंद हैं.
ALSO READ: ‘काशी सेवा–पितृ सेवा’ योजना, वरिष्ठ नागरिकों की सेवा से जुड़ेगा सामुदायिक दायित्व...
स्वतंत्रता सेनानी की जमीन पर कब्जे को लेकर गांव में रोष है. ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन को बाध्य होंगे.



