भारत रत्न बाबा साहब की मूर्ति दूसरी बार क्षतिग्रस्त किए जाने से तनाव, पुलिस तैनात...

वाराणसी : कपसेठी थाना क्षेत्र के ग्राम कुरु में पॉलिटेक्निक के पास स्थित भारत रत्न बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा को किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा दूसरी बार क्षतिग्रस्त किए जाने से इलाके में तनाव व्याप्त हो गया. घटना की जानकारी होने के बाद शुक्रवार की सुबह मौके पर ग्रामीणों की भीड़ लग गई. विरोध प्रदर्शन की आशंका को देखते हुए पुलिस प्रशासन भी मौके पर सक्रिय हो गई और वहां शांति व्यवस्था कायम करने के लिए नई प्रतिमा को स्थापित कराया गया. गांव में पुलिस बल की तैनाती की गई है.

पुलिस के अनुसार प्रतिमा क्षतिग्रस्त होने की सूचना प्राप्त होते ही थाना कपसेठी पुलिस मय पुलिस बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंची तथा वरिष्ठ अधिकारियों को पूरे घटनाक्रम से अवगत कराया गया. इसके उपरांत सहायक पुलिस आयुक्त राजातालाब एवं उप जिलाधिकारी राजातालाब द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण किया गया. ग्राम प्रधान एवं ग्रामीणों के सहयोग से क्षतिग्रस्त प्रतिमा के स्थान पर नई प्रतिमा तुरंत ही मंंगाकर स्थापित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई.
पुलिस के अनुसार प्रतिमा को क्षतिग्रस्त करने की घटना के संबंध में प्राप्त तहरीर के आधार पर अभियोग पंजीकृत कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है. अज्ञात अभियुक्त की पहचान एवं गिरफ्तारी हेतु पुलिस टीमों का गठन कर साक्ष्य संकलन सहित अन्य आवश्यक कार्रवाई की जा रही है. बताया कि जल्द ही आरोपित को पकड़ लिया जाएगा.
ALSO READ:वाराणसी में सैकड़ों युवाओं को बनाया बंधक, नेटवर्क मार्केटिंग के नाम पर लाखों रुपये की उगाही...
ग्राम प्रधान पर बसपा के पूर्व जिलाध्यक्ष लगाए आरोप
मूर्ति क्षतिग्रस्त होने की सूचना पर पहुंचे बहुजन समाज पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष से दुर्व्यवहार का मामला सामने आया. बसपा के पूर्व जिलाध्यक्ष एवं जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि इंजी. नवीन भारत ने कुरु गांव के ग्राम प्रधान के राजू तिवारी पर गाली-गलौज, अभद्र व्यवहार और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है. इस संबंध में उन्होंने थाना कपसेठी में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है. तहरीर के अनुसार, शुक्रवार को गांव में बातचीत के दौरान राजू तिवारी अपने समर्थकों के साथ पहुंचे और विवाद करते हुए अपशब्द कहने लगे. विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देते हुए गांव में नहीं रहने देने की बात कही. पीड़ित का यह भी आरोप है कि घटना के समय पुलिसकर्मी भी मौके पर मौजूद थे, लेकिन कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई.



