भोजपुरी फिल्म ‘कवन कसूर’ का जुलाई में होगा शानदार प्रीमियर, कहानी और ट्रेलर को मिली शानदार प्रशंसा…

वाराणसी : भोजपुरी फिल्म ‘कवन कसूर’ फिल्म का शानदार प्रीमियर जुलाई महीने में वाराणसी में आयोजित किया जाएगा. फिल्म का ट्रेलर पहले ही दर्शकों के बीच काफी पसंद किया जा चुका है और इसकी दमदार कहानी तथा सामाजिक संदेश को लेकर लगातार सकारात्मक प्रतिक्रियाएं मिल रही हैं. अब फिल्म के प्रीमियर को लेकर भोजपुरी सिनेमा प्रेमियों में उत्साह बढ़ता जा रहा है.
फिल्म की कहानी चर्चित लेखक राधेश्याम राय ने लिखी है. बताया जा रहा है कि यह फिल्म पारंपरिक मनोरंजन के साथ-साथ समाज से जुड़े गंभीर मुद्दों को भी प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करती है. ट्रेलर में भावनात्मक दृश्य, सशक्त संवाद और कलाकारों का प्रभावशाली अभिनय दर्शकों का ध्यान आकर्षित करने में सफल रहा है.
निर्माताओं के अनुसार वाराणसी में आयोजित होने वाले प्रीमियर में भोजपुरी फिल्म जगत के कई कलाकार, निर्माता, निर्देशक और अन्य विशिष्ट अतिथि शामिल होंगे. प्रीमियर के बाद फिल्म की आधिकारिक रिलीज़ डेट की भी घोषणा किए जाने की संभावना है.
ALSO READ:लंका पुलिस का नशे के कारोबार पर बड़ा प्रहार, 9 ग्राम हेरोइन के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार...
फिल्म की शूटिंग उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले के विभिन्न ग्रामीण और प्राकृतिक स्थानों पर जैसे:-कुंडेसर, बीरपुर, महरूपुर, खरडीहा, खालिसपुर और खुरपी नेचर विलेज में की गई है. इन स्थानों ने फिल्म को वास्तविकता और स्थानीय परिवेश का मजबूत आधार प्रदान किया है.
भोजपुरी सिनेमा में लगातार नए विषयों पर फिल्में बनाने की पहल के बीच 'कवन कसूर' से भी काफी उम्मीदें लगाई जा रही हैं. वाराणसी में होने वाला इसका प्रीमियर फिल्म के लिए एक महत्वपूर्ण पड़ाव माना जा रहा है, वहीं दर्शकों की नजर अब इसकी आधिकारिक रिलीज़ डेट पर टिकी हुई है.



