दुकान में फंदे से लटका मिला लोहा कारोबारी का शव...

वाराणसी:शहर के लोहटिया क्षेत्र में रविवार को एक लोहे के कारोबारी का शव उसकी ही दुकान में फंदे से लटका मिलने से सनसनी फैल गई .सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया.घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है.
मिली जानकारी के अनुसार छोटी पियरी निवासी 34 वर्षीय विकास आनंद लोहे की चादरों का कारोबार करते थे. रविवार सुबह वह रोज की तरह घर से दुकान के लिए निकले थे.दोपहर के समय जब परिजन दुकान पहुंचे तो विकास फंदे से लटका मिला। परिजनों ने तत्काल उन्हें नीचे उतारा और उपचार के लिए मंडलीय अस्पताल ले गए, लेकिन तब तक उनकी मृत्यु हो चुकी थी.
परिजनों के अनुसार विकास पिछले कुछ समय से व्यापारिक लेन-देन और कारोबार से जुड़े तनाव में थे. बताया जा रहा है कि वह बीते कुछ दिनों से काफी चिंतित और गुमसुम रहने लगे था.विकास अपने माता-पिता के इकलौते पुत्र थे. उनकी असामयिक मृत्यु से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.
सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर तथ्यों की पड़ताल की जा रही है.
ALSO READ:दुधमुंही बच्ची पर पड़ोसी को नहीं आया तरस, घायल बच्ची का चल रहा इलाज
घटना की खबर फैलते ही क्षेत्र के व्यापारियों और परिचितों में शोक की लहर दौड़ गई. सभी ने विकास आनंद के निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए परिवार के प्रति संवेदना जताई.



