दुधमुंही बच्ची पर पड़ोसी को नहीं आया तरस, घायल बच्ची का चल रहा इलाज

वाराणसी: सारनाथ थाना क्षेत्र के अकथा गांव स्थित वनवासी मुसहर बस्ती से एक सनसनीखेज घटना सामने आई है. एक युवक ने कथित तौर पर एक माह की दुधमुंही बच्ची को उसके दादा की गोद से छीनकर जमीन पर पटक दिया, जिसके चलते बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई. घटना से आक्रोशित हुए लोगों ने अकथा तिराहे पर चक्का जाम कर जमकर विरोध प्रदर्शन किया. मामले की भनक लगते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और मामले की जांच में जुटी हुई है.

घायल बच्ची का चल रहा इलाज
पीड़ित परिजनों के अनुसार, बीते शनिवार की शाम करीब छह बजे बच्ची के दादा पप्पू अपनी पोती को गोद में लेकर घर के बाहर बैठे हुए थे, तभी पड़ोस में रहने वाला विकास यादव पुत्र शोभा यादव अचानक बच्ची को गोद से छीन लिया और बच्ची को जमीन पर कई बार पटक दिया, जिससे बच्ची जोर-जोर से रोने लगी. कुछ लोगों ने इस हरकत को देखते ही उसे रोकने की कोशिश की, मगर वो दरिंदा एक पल के लिए भी उस दुधमुही बच्ची पर जरा भी तरस नहीं खाया. तभी परिजनों समेत आस-पास के कुछ लोग घायल बच्ची को फौरन श्रीनगर कॉलोनी स्थित किलकारी हॉस्पिटल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है. बच्ची के पिता राजेश जीविकोपार्जन के लिए हवेलिया चौराहे पर मूर्तियां बनाने का काम करते हैं, जबकि उसकी मां रेनू गृहिणी हैं.

जांच में जुटी पुलिस
घटना मामले से नाराज हुए लोगों ने प्रदर्शन कर अपनी गुस्सा जाहिर की, इस दौरान इन सभी प्रदर्शनकारियों ने प्रदर्शनकारियों ने आरोपी के खिलाफ जल्द से जल्द कठोर कार्रवाई करने की मांग की है, सूचना मिलने पर सारनाथ थाना प्रभारी पंकज त्रिपाठी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझा-बुझाकर करीब आधे घंटे से लगे जाम को समाप्त करवाया. प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों के मुताबिक, पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कहा कि उसे 'भगवान ने बलि देने' के लिए कहा था, इसलिए उसने इस तरह का बड़ा कदम उठाया है. हालांकि, पुलिस इस बयान की भी जांच करने में लगी हुई है.आपको बता दें हूबहूं एक ऐसा ही मामला कुछ दिन पहले भी देखने को मिला था.

ALSO READ: हिस्ट्रीशीटर ने की आत्महत्या, जिला बदर के बाद भी पुलिस ने किया तंग
वहीं मामले की जांच में जुटे एसीपी सारनाथ विदुष सक्सेना ने बताया कि बच्ची को पटकने के आरोपी को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया गया है. घायल बच्ची का उपचार जारी है. परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है, पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है.



