पीएम मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी की कमान अब राम सकल पटेल के हाथों में...

वाराणसी: भारतीय जनता पार्टी ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों को तेज करते हुए संगठन में बड़े बदलाव शुरू कर दिए हैं. इसी क्रम में गुरुवार को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने प्रदेश के पांच जिलों में नए जिला अध्यक्षों की घोषणा की. इनमें सबसे अधिक चर्चा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी के नए जिलाध्यक्ष को लेकर रही, जहां पार्टी ने जमीनी स्तर पर लंबे समय से सक्रिय कार्यकर्ता राम सकल पटेल को जिम्मेदारी सौंपी है.
राम सकल पटेल का नाम सामने आने के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं. पार्टी संगठन में वर्षों से सक्रिय रहे राम सकल पटेल सेवापुरी विधानसभा क्षेत्र के आराजी लाइन ब्लॉक स्थित मेहंदीगंज गांव के निवासी हैं. करीब 50 वर्षीय राम सकल पटेल को संगठन में एक मेहनती और समर्पित कार्यकर्ता के रूप में जाना जाता है.
पूर्व जिलाध्यक्ष और वर्तमान मंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने बताया कि भाजपा ने पहली बार पटेल बिरादरी से किसी नेता को वाराणसी का जिलाध्यक्ष बनाया है. उन्होंने कहा कि पार्टी हर वर्ग और समाज को प्रतिनिधित्व देने की नीति पर काम कर रही है और इसी सोच के तहत यह फैसला लिया गया है.
राम सकल पटेल ओबीसी समाज में मजबूत पकड़ रखते हैं। किसान मोर्चा समेत संगठन के विभिन्न पदों पर काम कर चुके राम सकल पटेल जिला कार्यसमिति के सदस्य भी रह चुके हैं. सेवापुरी, रोहनिया और आसपास के ओबीसी बहुल इलाकों में उनकी अच्छी पहचान मानी जाती है. पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच उनकी सक्रियता और संगठन क्षमता को देखते हुए भाजपा नेतृत्व ने उन पर भरोसा जताया है.
ALSO READ: वाराणसी के ट्रांसपोर्टरों ने एक जून से बढ़ाया माल भाड़ा
भाजपा के इस फैसले को संगठन में जमीनी कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ाने की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है. जिलाध्यक्ष बनाए जाने के बाद वाराणसी में समर्थकों और कार्यकर्ताओं ने राम सकल पटेल का जोरदार स्वागत किया और उन्हें बधाई देने वालों का सिलसिला लगातार जारी है.



