सीपी संवाद हेल्पलाइन बना प्रभावी कार्रवाई का माध्यम, शिकायतों में आई कमी

वाराणसी : पुलिस कमिश्नरेट द्वारा शुरू की गई पुलिस आयुक्त संवाद हेल्पलाइन आम जनता के लिए शिकायत दर्ज कराने का एक प्रभावी और भरोसेमंद माध्यम बनी है. पुलिस आयुक्त कार्यालय की जनसुनवाई और सीपी संवाद हेल्पलाइन के माध्यम से प्राप्त आंकड़े यह दर्शाते हैं कि इस पहल से न केवल शिकायतों का त्वरित निस्तारण संभव हुआ है, बल्कि शिकायतों की संख्या में भी उल्लेखनीय कमी दर्ज की गई है.
शिकायतों में 25 प्रतिशत गिरावट
पुलिस कमिश्नरेट के अनुसार दिसंबर 2025 में कुल 2150 शिकायतें प्राप्त हुई थीं. वहीं सीपी संवाद हेल्पलाइन नंबर 9670705555 जारी होने के पश्चात माह जनवरी में यह संख्या घटकर 1612 रह गई. इस प्रकार दिसंबर की तुलना में जनवरी माह में शिकायतों में लगभग 25 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है. इसका मुख्य कारण यह है कि अब आम नागरिक घर बैठे ही हेल्पलाइन के माध्यम से अपनी शिकायत दर्ज करा पा रहे हैं और उन्हें त्वरित समाधान भी मिल रहा है.
प्राप्त शिकायतों में से लगभग 65 प्रतिशत मामलों, यानी करीब 300 शिकायतों का निस्तारण 24 घंटे के भीतर कर दिया गया. सीपी संवाद के माध्यम से प्राप्त शिकायतों पर कार्रवाई के बाद संबंधित आवेदकों से फीडबैक भी लिया गया, जिसमें 460 शिकायतकर्ताओं में से 368, यानी लगभग 80 प्रतिशत लोग संतुष्ट पाए गए. यह आंकड़े पुलिस की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही को दर्शाते हैं.
ALSO READ : इसरो और डीआरडीओ के साथ मिलकर आईआईटी बीएचयू आठ मिशन पर करेगा शोध, होगी भर्तियां
थानास्तर पर कार्रवाई नहीं होने की खुल रही पोल
सीपी संवाद के माध्यम से प्राप्त सभी शिकायतों को शत प्रतिशत कंप्यूटरीकृत किया जा रहा है, जिससे अधिकतर मामलों को संबंधित थानों से चिन्हित कर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके. जिन प्रकरणों में थाना स्तर पर कार्रवाई नहीं हो सकी, उन मामलों की जांच उच्चाधिकारियों द्वारा की जा रही है और शीघ्र निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं. सीपी संवाद हेल्पलाइन पर प्राप्त सूचनाओं के आधार पर वाराणसी पुलिस द्वारा कई बड़ी और प्रभावी कार्रवाइयां की गईं. जुआ से संबंधित मामलों में 40 अभियोग पंजीकृत कर 202 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया, जिनके कब्जे से 2,67,126 रुपये बरामद हुए. अवैध शराब के मामलों में 46 अभियोग दर्ज कर 56 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया और लगभग 618 लीटर अवैध शराब बरामद की गई.



