जाति प्रमाण पत्र को लेकर गोंड समाज का प्रदर्शन, जिला मुख्यालय पर किया जोरदार विरोध...

वाराणसी: अखिल भारतीय गोंड आदिवासी संघ के तत्वावधान में गोंड समाज के लोगों ने अनुसूचित जनजाति के जाति प्रमाण पत्र जारी करने के प्रार्थना पत्र खारिज किए जाने के विरोध में जिला मुख्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया. प्रदर्शनकारियों ने शासनादेश के अनुरूप गोंड जाति को सुगमता पूर्वक जाति प्रमाण पत्र जारी करने की मांग उठाई.
प्रदर्शन की शुरुआत गोंड आदिवासी संघ के जिलाध्यक्ष मनोज कुमार गोंड की अध्यक्षता में आयोजित गोंड पंचायत से हुई. पंचायत को संबोधित करते हुए संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष संजय कुमार गोंड ने आरोप लगाया कि जिला प्रशासन के कुछ अधिकारी और कर्मचारी साजिश के तहत गोंड जाति के लोगों को जाति प्रमाण पत्र जारी करने में गैरकानूनी और असंविधानिक बाधाएं उत्पन्न कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि गोंड समाज के बच्चे प्रतिभाशाली और ऊर्जावान हैं तथा यदि उन्हें सुगमता से जाति प्रमाण पत्र मिलने लगे तो वे प्रशासनिक और न्यायिक सेवाओं में महत्वपूर्ण स्थान हासिल करेंगे. इसी कारण उनके अधिकारों में बाधा डाली जा रही है.
राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य सूर्य कुमार गोंड एडवोकेट ने कहा कि गोंड समाज देश का सबसे बड़ा आदिवासी समाज है और इस समाज में नेतृत्व व प्रशासनिक क्षमता भरपूर है. उन्होंने युवाओं से अपने इतिहास को जानने और संविधानिक अधिकारों के लिए संगठित रहने का आह्वान किया.
पंचायत के बाद प्रदेश उपाध्यक्ष संजय कुमार गोंड के नेतृत्व में गोंडी धर्म का झंडा, राष्ट्रीय ध्वज और तीर-धनुष के साथ वरुणापुल शास्त्री घाट से जुलूस निकाला गया. यह जुलूस बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा का चक्रमण करते हुए कचहरी गोलघर पहुंचा, जहां जिलाधिकारी को संबोधित चार सूत्रीय मांग पत्र प्रशासन को सौंपा गया.
ALSO READ :प्रधानमंत्री के अपील के विरोध में सोनार नरहरी सेना का विशाल धरना-प्रदर्शन, राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन...
ज्ञापन में गोंड समाज को सुगमता से अनुसूचित जनजाति प्रमाण पत्र जारी करने तथा गलत तरीके से आवेदन खारिज करने वाले लेखपाल और संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की गई. संगठन ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन जिला मुख्यालय से लेकर प्रधानमंत्री के संसदीय कार्यालय तक पहुंचाया जाएगा.
कार्यक्रम का संचालन राजकुमार गोंड राजू और प्रमोद कुमार गोंड ने किया. इस दौरान अमरनाथ गोंड, चांद रतन गोंड, कमलेश गोंड, गोपाल गोंड, राकेश गोंड और विशाल गोंड सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे.



