वाराणसी में बुलडोजर कार्रवाई की आहट से व्यापारियों में हड़कंप, नगर आयुक्त ने दिया यह आश्वासन...

वाराणसी : बेनियाबाग स्थित नगर निगम के शॉपिंग कॉम्प्लेक्स को जर्जर घोषित कर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई किए जाने की आशंका को लेकर व्यापारियों में चिंता बढ़ गई है. इस संबंध में व्यपारियों ने नगर निगम पहुंचकर अधिकारियों से मुलाकात की और अपनी आपत्तियों एवं समस्याओं से अवगत कराया.
व्यापारियों का कहना है कि शॉपिंग कॉम्प्लेक्स से जुड़ा मामला माननीय उच्च न्यायालय में विचाराधीन है और आगामी 18 तारीख को इसकी अगली सुनवाई निर्धारित है. ऐसे में न्यायालय में मामला लंबित होने के बावजूद ध्वस्तीकरण की कार्रवाई किए जाने के प्रयास से दुकानदारों के सामने असमंजस की स्थिति उत्पन्न हो गई है.

इसी सिलसिले में शंकर बिस्नानी, रविकांत विश्वकर्मा, राहुल गुप्ता, रतन सोहतिया, अरमान हासमी, संदीप मिश्रा सहित अन्य दुकानदार नगर निगम पहुंचे और नगर आयुक्त से मुलाकात कर अपना पक्ष रखा. उन्होंने मांग की कि न्यायालय में मामले का निस्तारण होने तथा उसके आदेश आने तक किसी भी प्रकार की जल्दबाजी में कार्रवाई न की जाए. साथ ही सभी संबंधित पक्षों की बात सुनकर नियमानुसार निर्णय लेने का आग्रह किया.
ALSO READ : पूंजीपतियों की सरकार, छोटे व्यापारियों पर मार, सपा सांसद राजीव राय का भाजपा पर हमला
व्यापारी हितों का रखेंगे ध्यान
वहीं, नगर आयुक्त ने दुकानदारों को आश्वस्त किया कि व्यापारियों के हितों का पूरा ध्यान रखा जाएगा. उन्होंने कहा कि नए शॉपिंग कॉम्प्लेक्स में दुकानदारों को वर्तमान में उनके पास जितनी जगह है, उतनी ही जगह उपलब्ध कराई जाएगी. नगर आयुक्त के इस आश्वासन से व्यापारियों को राहत मिलने की उम्मीद जगी है. व्यापारियों ने भी उम्मीद जताई कि प्रशासन न्यायालय की कार्यवाही और उसके आदेशों का सम्मान करते हुए व्यापारियों के हितों को ध्यान में रखकर ही आगे की कार्रवाई करेगा.



