अज्ञात वाहन की टक्कर से श्रद्धालु की मौत, 19 दिन बाद प्राथमिकी...

वाराणसी : चौबेपुर थाना क्षेत्र के कैथी टोल प्लाजा के पास सड़क हादसे में श्रद्धालु की मौत के मामले में पुलिस ने 19 दिन बाद प्राथमिकी दर्ज की है. आठ अक्टूबर की सुबह तेज रफ्तार अज्ञात चार पहिया वाहन ने टेंपो में पीछे से टक्कर मार दी थी. हादसे में टेंपो सवार देवरिया निवासी श्रद्धालु की मौत हो गई थी, जबकि उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई थीं. मृतक के बड़े भाई की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
देवरिया जिले के रुद्रपुर थाना क्षेत्र के डहरौली बुजुर्ग गांव निवासी विकास त्रिपाठी (39) अपनी पत्नी मैनावती देवी (36) के साथ आठ अक्टूबर को मारकंडेय महादेव मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए निकले थे. दंपती ट्रेन से औड़िहार पहुंचे. इसके बाद वहां से टेंपो में सवार होकर कैथी स्थित मंदिर के लिए रवाना हुए. आठ अक्टूबर की सुबह करीब चार बजे उनका टेंपो कैथी टोल प्लाजा से लगभग 500 मीटर आगे पहुंचा था. इसी दौरान पीछे से आए तेज रफ्तार चारपहिया वाहन ने टेंपो में जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में विकास और उनकी पत्नी मैनावती देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं. विकास के सिर में गंभीर चोट आई थी.
ALSO READ : वाराणसी में बुलडोजर कार्रवाई की आहट से व्यापारियों में हड़कंप, नगर आयुक्त ने दिया यह आश्वासन...
सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने एनएचएआई की एंबुलेंस से दोनों घायलों को पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय चिकित्सालय पहुंचाया. वहां उपचार के दौरान उसी दिन विकास त्रिपाठी की मौत हो गई. हादसे के बाद से परिजन अज्ञात वाहन और उसके चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे थे. मृतक के बड़े भाई विजय मणि त्रिपाठी ने 27 अक्टूबर को पुलिस को तहरीर दी. इसके आधार पर पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है. प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है. पुलिस हादसे में शामिल वाहन का पता लगाने का प्रयास कर रही है.



