आज से शुरू होगा 'स्वच्छता से संस्कार अभियान', महापौर अशोक कुमार तिवारी करेंगे शुभारं...

वाराणसी: स्वच्छ और सुंदर काशी के संकल्प को साकार करने की दिशा में नगर निगम वाराणसी एक और महत्वपूर्ण पहल करने जा रहा है. शहर में स्वच्छता और यातायात व्यवस्था के प्रति नागरिकों को जागरूक करने के उद्देश्य से 'स्वच्छता से संस्कार अभियान' का शुभारंभ शनिवार, 1 अगस्त से किया जाएगा. यह विशेष अभियान 1 अगस्त से 31 अगस्त 2026 तक पूरे शहर में विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से संचालित किया जाएगा.
अभियान का औपचारिक शुभारंभ 1 अगस्त को सुबह 11 बजे भारतीय शिक्षा मंदिर, इंग्लिशिया लाइन में आयोजित समारोह के दौरान होगा. कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महापौर अशोक कुमार तिवारी होंगे. उनके साथ नगर निगम के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, विद्यालयों के छात्र-छात्राएं, सामाजिक संगठन तथा शहर के गणमान्य नागरिक भी उपस्थित रहेंग . इस अवसर पर स्वच्छता को केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का संस्कार और सामाजिक दायित्व बनाने का संदेश दिया जाएगा.
नगर निगम के अनुसार, अभियान के दौरान शहर के विभिन्न वार्डों, विद्यालयों, बाजारों, प्रमुख चौराहों और सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम, जनसंपर्क अभियान, शपथ ग्रहण, संवाद, रैलियां तथा अन्य गतिविधियां आयोजित की जाएंगी. साथ ही नागरिकों को सड़क पर कूड़ा न फेंकने, कचरे का पृथक्करण करने सिंगल यूज प्लास्टिक से बचने तथा यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया जाएगा.
नगर निगम प्रशासन का मानना है. कि स्वच्छता केवल सफाई तक सीमित नहीं है. बल्कि यह नागरिकों के व्यवहार और संस्कार का भी हिस्सा है. इसी सोच के साथ इस अभियान का नाम 'स्वच्छता से संस्कार अभियान' रखा गया है. ताकि लोग स्वच्छता को अपनी दैनिक दिनचर्या का अभिन्न हिस्सा बनाएं.
ALSO READ : वाराणसी में रूट डायवर्जन लागू, 60 घंटे की नो एंट्री, केवल इन वाहनों को अनुमति...
यह अभियान स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 की तैयारियों के तहत भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है. नगर निगम का उद्देश्य है कि जनभागीदारी के माध्यम से वाराणसी को देश के सबसे स्वच्छ और व्यवस्थित शहरों में शामिल किया जाए. इसके लिए नागरिकों, सामाजिक संस्थाओं विद्यालयों व्यापारिक संगठनों और स्वयंसेवी संस्थाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी.
नगर निगम ने शहरवासियों से अपील की है कि वे अभियान से जुड़कर अपने घर, मोहल्ले और आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखने का संकल्प लें तथा दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें. प्रशासन का विश्वास है .कि जनसहभागिता से ही काशी को स्वच्छ सुंदर और संस्कारित शहर के रूप में नई पहचान मिल सकेगी.



