सयुस ने बाबा साहब के विचारों का आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया, साडी - सूट बांटे
वाराणसी: शहर के दुल्लीगढ़ही (पीलीकोठी) स्थित दलित बस्ती में अंबेडकर जयंती के मौके पर मंगलवार को समाजवादी युवजन सभा ने एक सार्थक और सामाजिक सरोकारों से जुड़ा कार्यक्रम आयोजित किया. कार्यक्रम में सपा के प्रदेश महासचिव किशन दीक्षित ने बाबा साहब भीम राव अंबेडकर के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके विचारों को आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया. इस अवसर पर जरूरतमंद महिलाओं के बीच करीब एक हजार साड़ी-सूट का वितरण किया गया, जिससे कार्यक्रम में मानवीय संवेदनाओं की झलक साफ दिखाई दी. साथ ही दुर्गाकुंड स्थित दलित बस्ती में बाबा साहब की प्रतिमा परिसर का लोकार्पण भी किया गया, जो समाज में समानता और सम्मान के संदेश को और मजबूत करता है.

मजबूत नींव बाबा साहब ने ही रखी
किशन दीक्षित ने अपने संबोधन में कहा कि बाबा साहब का संविधान केवल एक दस्तावेज नहीं, बल्कि अधिकारों की रक्षा करने वाली ताकत है। उन्होंने संविधान को समाज के लिए ढाल और संजीवनी बताते हुए कहा कि यह हर व्यक्ति को न्याय, बराबरी और आगे बढ़ने का अवसर देता है. उन्होंने महिला सशक्तिकरण पर भी जोर देते हुए कहा कि आज जो स्थिति दिख रही है, उसकी मजबूत नींव बाबा साहब ने ही रखी थी. कार्यक्रम में अशोक यादव नायक, पूर्व पार्षद मनोज यादव, राहुल गुप्ता, राहुल यादव और पंकज जायसवाल समेत कई लोग मौजूद रहे, जिन्होंने इस आयोजन को सफल बनाने में योगदान दिया.

नमामि गंगे ने दिया स्वच्छता का संदेश
स्वस्थ और समृद्ध भारत के निर्माण में प्रत्येक व्यक्ति की भूमिका महत्वपूर्ण है का संदेश देकर डॉ. भीमराव आंबेडकर जयंती के अवसर पर नमामि गंगे ने वाराणसी के सामने घाट पर स्वच्छता अभियान चलाया. स्वच्छता को संस्कार के रूप में शामिल करने के आह्वान के बीच नवनिर्मित सामने घाट पर इधर-उधर बिखरे पॉलीथिन, कूड़े-करकट, कपड़े और अन्य गंदगी को समेट कर सैकड़ों की संख्या में उपस्थित लोगों से गंदगी न करने की अपील की. टीम ने नमामि गंगे काशी क्षेत्र के संयोजक व नगर निगम के स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर राजेश शुक्ला के संयोजन में भारतीय संविधान के अनुरूप स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण में रहने के अधिकार का संदेश देकर सामने घाट पर उपस्थित नागरिकों के साथ स्वच्छता का संकल्प लिया.

Also read:आधारकार्ड में दर्ज जन्मतिथि के आधार पर नहीं मिलेगी वृद्धावस्था पेंशन, जान लें यह वजह
श्रमदान के बाद राजेश शुक्ला ने कहा कि बाबा साहेब आंबेडकर जयंती पर हम संकल्प लें कि स्वच्छता को संस्कार के रूप में शामिल करेंगे. आयोजन के दौरान नमामि गंगे काशी क्षेत्र के संयोजक व नगर निगम के स्वच्छता ब्रांड एम्बेसडर राजेश शुक्ला, सुभाष श्रीवास्तव, के.के. सिंह, ओम प्रकाश शर्मा, उषा सिंह, राजेंद्र श्रीवास्तव, कांति सिंह, रेखा सिंह व अन्य स्वयं सेवक मौजूद रहे.




