दीक्षांत समारोह की तैयारियों का कुलपति ने लिया जायजा, लाल भवन व शताब्दी भवन का होगा लोकार्पण...

वाराणसी. सम्पूर्णानन्द संस्कृत विश्वविद्यालय के 44वें दीक्षांत समारोह की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा ने शुक्रवार को विश्वविद्यालय परिसर का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने ऐतिहासिक लाल भवन एवं शताब्दी भवन अतिथि गृह का जायजा लेते हुए अधिकारियों और कार्यदायी संस्थाओं को सभी तैयारियां समयबद्ध एवं उच्च गुणवत्ता के साथ पूरी करने के निर्देश दिए।
कुलपति ने कहा कि 29 जुलाई को पूर्वाह्न 9 बजे आयोजित होने वाला दीक्षांत समारोह विश्वविद्यालय का सबसे महत्वपूर्ण शैक्षणिक आयोजन है। ऐसे में निर्माण, जीर्णोद्धार, सौंदर्यीकरण, स्वच्छता, विद्युत, प्रकाश व्यवस्था, मंच, बैठक व्यवस्था और सुरक्षा सहित सभी व्यवस्थाएं विश्वविद्यालय की गरिमा और भारतीय ज्ञान परंपरा के अनुरूप सुनिश्चित की जाएं।
ALSO READ : चंदौली पुलिस की घेरेबंदी देख पुल से गंगा में कूदे गो - तस्कर, एक की मौत...
उन्होंने बताया कि समारोह के अवसर पर महामहिम राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय की कुलाधिपति श्रीमती आनंदीबेन पटेल जीर्णोद्धार के बाद ऐतिहासिक लाल भवन और शताब्दी भवन अतिथि गृह का लोकार्पण भी करेंगी। इसे देखते हुए दोनों भवनों के शेष कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण करने तथा उनकी उत्कृष्ट सज्जा और सौंदर्यीकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
कुलपति ने अधिकारियों से नियमित समीक्षा करते हुए प्रत्येक कार्य को गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ पूरा कराने पर जोर दिया, ताकि विश्वविद्यालय की गौरवशाली परंपरा के अनुरूप दीक्षांत समारोह भव्य, सुव्यवस्थित और यादगार बन सके।
निरीक्षण के दौरान कुलसचिव राकेश कुमार सहित विश्वविद्यालय के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



