वाराणसी में 10-11 जुलाई को होगा यंग इंडियंस पार्लियामेंट (YIP) 2026 का आयोजन, युवाओं में नेतृत्व क्षमता विकसित करने पर रहेगा जोर...

वाराणसी : युवाओं को लोकतांत्रिक मूल्यों, संसदीय परंपराओं और प्रभावी नेतृत्व से जोड़ने के उद्देश्य से यंग इंडियंस (Yi) वाराणसी द्वारा यंग इंडियंस पार्लियामेंट (YIP) 2026 का आयोजन 10 और 11 जुलाई को सेठ एमआर जयपुरिया स्कूल, वाराणसी में किया जाएगा. कार्यक्रम को लेकर सोमवार, 6 जुलाई को होटल कंट्री इन में एक प्रेस वार्ता आयोजित की जाएगी, जिसमें आयोजन की रूपरेखा, उद्देश्य और प्रमुख गतिविधियों की जानकारी साझा की जाएगी.
आयोजकों के अनुसार, YIP यंग इंडियंस की एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसका उद्देश्य युवाओं को संसदीय कार्यप्रणाली, नीति निर्माण, तार्किक बहस, संवाद कौशल और नेतृत्व क्षमता से परिचित कराना है. इस दो दिवसीय आयोजन में वाराणसी सहित विभिन्न क्षेत्रों से 150 से अधिक युवा प्रतिभागी हिस्सा लेंगे. प्रतिभागियों को संसदीय सत्रों की तर्ज पर बहस, नीति आधारित चर्चाओं और विभिन्न नेतृत्व गतिविधियों में भाग लेने का अवसर मिलेगा.
आयोजन का उद्देश्य केवल संसदीय प्रक्रियाओं की जानकारी देना ही नहीं, बल्कि युवाओं में जिम्मेदार नागरिक बनने की भावना विकसित करना भी है. आयोजकों का मानना है कि ऐसे कार्यक्रम युवाओं को सामाजिक और राष्ट्रीय मुद्दों पर सकारात्मक सोच विकसित करने के साथ-साथ निर्णय लेने की क्षमता को भी मजबूत करते हैं.
ALSO READ : दिग्विजय सिंह को काशी के अधिवक्ता शशांक शेखर का विधिक नोटिस, बोले—राम मंदिर का ₹1.11 लाख दान वापस चाहिए तो मैं दूंगा...
प्रेस वार्ता के माध्यम से मीडिया प्रतिनिधियों को आयोजन की विस्तृत जानकारी दी जाएगी तथा कार्यक्रम की विशेषताओं से अवगत कराया जाएगा. यंग इंडियंस वाराणसी ने मीडिया से इस पहल को व्यापक स्तर पर लोगों तक पहुंचाने में सहयोग की अपील की है.
आयोजकों का विश्वास है कि YIP 2026 युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं को समझने, नेतृत्व कौशल को निखारने और समाज में सकारात्मक भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करने का एक प्रभावी मंच साबित होगा.



