युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति और भविष्य के निर्माता : प्रो. आनंद कुमार त्यागी

वाराणसी : महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के समाज विज्ञान संकाय में मंगलवार को ‘राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका’ विषय पर संगोष्ठी आयोजित की गई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. आनंद कुमार त्यागी ने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति और राष्ट्र के भविष्य के निर्माता हैं। युवाओं की ऊर्जा, प्रतिभा, नवाचार और नेतृत्व क्षमता का सही दिशा में उपयोग देश को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जा सकता है।
कुलपति ने युवाओं से शिक्षा, शोध, सामाजिक जिम्मेदारी और सकारात्मक सोच के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि देश के विकास में युवाओं की भूमिका केवल भविष्य तक सीमित नहीं है, बल्कि वर्तमान में भी युवा सामाजिक और राष्ट्रीय परिवर्तन के महत्वपूर्ण वाहक हैं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए समाज विज्ञान संकाय की अध्यक्ष प्रो. रेखा ने कहा कि राष्ट्र निर्माण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक, विशेषकर युवाओं की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने युवाओं से सामाजिक समरसता, लोकतांत्रिक मूल्यों, समानता और मानवता की भावना को मजबूत करने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।
ALSO READ : बरेका और नगर निगम के बीच ₹45.30 करोड़ का एमओयू, जलभराव से मिलेगी स्थायी राहत.
प्रभारी कुलानुशासक प्रो. राकेश तिवारी ने युवाओं को अनुशासन का महत्व समझाते हुए कहा कि शिक्षा के साथ जीवन में अनुशासन को अपनाना भी जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहते हुए जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का स्वागत आयोजन सचिव विश्व ज्योति तिवारी ने किया। संचालन अंशिका कुशवाहा ने तथा धन्यवाद ज्ञापन आदित्य तिवारी ने किया। इस अवसर पर सिद्धार्थ, दीपेंद्र, कृष्ण, आदर्श, अमन, अंशिका, वैभव सहित अन्य विद्यार्थी एवं लोग उपस्थित रहे।



