बंद घरों की रेकी कर दिनदहाड़े देते थे चोरी को अंजाम, पकड़े जाने पर उगले राज

वाराणसी : सारनाथ थाने की पुलिस ने किराना व्यवसायी के घर दिनदहाड़े हुई चोरी का खुलासा किया है. इस मामले में तीन नाबालिग सहित चार शातिर चोरों को गिरफ्तार किया गया है. उनके पास से चोरी के आभूषण और नकदी बरामद की गई है. पूछताछ में चोरों ने कई राज उगले हैं, जिसके आधार पर पुलिस अन्य चोरी की घटनाओं के बाबत भी जानकारियां जुटा रही है. इनके कब्जे से चोरी के आभूषण और नकदी बरामद हुई है.

चौबेपुर थाना क्षेत्र निवासी किराना व्यवसायी मनीष जायसवाल ने सारनाथ पुलिस को तहरीर दी थी. उन्होंने बताया था कि 10 अगस्त को उनके तिलमापुर स्थित घर में दिनदहाड़े चोरी हुई थी. चोरों ने सोने-चांदी के जेवरात और नकदी चुरा ली थी. पीड़ित की तहरीर पर सारनाथ पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की. सारनाथ थाना प्रभारी पंकज कुमार त्रिपाठी ने बताया कि पुलिस टीम ने आज सुबह 9:15 बजे फरीदपुर बड़ा अंडरपास के पास से इन चार चोरों को गिरफ्तार किया. इनमें तीन नाबालिग और एक वयस्क शामिल है.

बालिग चोर की पहचान तिलमापुर, सारनाथ निवासी संतोष कुमार (पुत्र स्व. हीरालाल) के रूप में हुई है. पुलिस ने उसे जेल भेज दिया है. पकड़े गए चोरों के पास से 4 चांदी की पायल, 4 चांदी की बिछिया, 10 चांदी की चूड़ी और 760 रुपये नकद बरामद हुए हैं. पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे इलाके में बंद घरों की रेकी करते थे. फिर दिनदहाड़े ताले तोड़कर घरों से कीमती सामान चुरा लेते थे. उन्होंने यह भी बताया कि नाबालिग होने के कारण उन पर कोई शक नहीं करता था और पुलिस भी उनके खिलाफ कार्रवाई से बचती थी.
ALSO READ: BHU महिला महाविद्यालय में ‘सांस्कृतिक विरासत की दृष्टि से काशी’ विषयक सप्तदिवसीय राष्ट्रीय कार्यशाला का शुभारंभ
आरोपियों ने यह भी खुलासा किया कि उनका पांचवां साथी शनि चोरी के कुछ सामान लेकर फरार हो गया है. पुलिस उसकी तलाश में दबिश दे रही है. गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में सारनाथ थाना प्रभारी पंकज कुमार त्रिपाठी, आशापुर चौकी प्रभारी दीक्षा पांडेय, सब इंस्पेक्टर संदीप कुमार वर्मा, हेड कांस्टेबल दिलीप यादव, पंकज सिंह तथा कांस्टेबल विजय और विकास भारतीय शामिल रहे.



