वाराणसी की इस सीएचसी को एनक्यूएएस गुणवत्ता प्रमाणन, मिले 83.87 प्रतिशत अंक

वाराणसी : शहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शिवपुर ने स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है. राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तकनीकी सहयोगी संस्थान द्वारा कराए गए एनक्यूएएस रिवैलिडेशन असेसमेंट में सीएचसी शिवपुर को 83.87 प्रतिशत का समग्र स्कोर प्राप्त हुआ है, तथा केंद्र को चिकित्सीय सेवाएं उपलब्ध कराने के मामले में गुणवत्ता प्रमाणन घोषित किया गया है.
सीएचसी शिवपुर में आयोजित रिवैलिडेशन मूल्यांकन में इमरजेंसी, ओपीडी, लेबर रूम, इन-पेशेंट विभाग, सहायक सेवाएं, सामान्य प्रशासन, ओटी, प्रयोगशाला, रेडियोलॉजी एवं फार्मेसी सहित कुल 10 विभागों का मूल्यांकन किया गया. सभी निर्धारित प्रमाणन मानदंडों को केंद्र द्वारा पूरा किया गया.
मूल्यांकन में स्वास्थ्य केंद्र का समग्र स्कोर 83.87 प्रतिशत रहा, प्रत्येक विभाग के लिए निर्धारित न्यूनतम मानकों को भी पूरा किया गया. इसके अतिरिक्त विभिन्न गुणवत्ता मानकों एवं रोगी संतुष्टि के स्तर पर भी केंद्र ने निर्धारित मानकों के अनुरूप प्रदर्शन किया, रोगी संतुष्टि स्कोर 85 प्रतिशत दर्ज किया गया.
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एन.पी. सिंह ने इस उपलब्धि पर सीएचसी शिवपुर के चिकित्सा अधीक्षक, चिकित्सकों, पैरामेडिकल स्टाफ एवं समस्त कर्मचारियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं.

उन्होंने कहा कि एनक्यूएएस गुणवत्ता प्रमाणन स्वास्थ्य सेवाओं में गुणवत्ता, मरीजों की सुरक्षा, स्वच्छता, बेहतर प्रबंधन एवं मरीज-केंद्रित सेवाओं के प्रति स्वास्थ्य विभाग की प्रतिबद्धता का प्रमाण है.डॉ. एन.पी. सिंह ने कहा कि सीएचसी शिवपुर की यह उपलब्धि जनपद के अन्य स्वास्थ्य संस्थानों के लिए भी प्रेरणादायी है. उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपील की कि गुणवत्ता प्रमाणन प्राप्त करने के साथ-साथ निर्धारित मानकों को निरंतर बनाए रखते हुए स्वास्थ्य सेवाओं में और सुधार किया जाए.
ALSO READ : फर्जी दस्तावेज के सहारे अपात्र को पीएम आवास, जिम्मेदारों पर होगी कार्रवाई
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग का लक्ष्य जनपद के सभी सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में सुरक्षित, गुणवत्तापूर्ण, सुलभ एवं मरीज-केंद्रित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। एनक्यूएएस के तहत चिन्हित सुधार के क्षेत्रों पर कार्य करते हुए गुणवत्ता में निरंतर सुधार सुनिश्चित किया जाएगा।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने सीएचसी शिवपुर की पूरी टीम के सामूहिक प्रयासों की सराहना करते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट कार्य करने की अपेक्षा व्यक्त की।



