वाराणसी में रिंग रोड के ग्रीन बेल्ट में ऐसे चिन्हित होंगे पक्के निर्माण, ये है वीडीए की योजना

वाराणसी : रिंग रोड के ग्रीन बेल्ट में पक्के निर्माण को चिन्हित करने के लिए वाराणसी विकास प्राधिकरण एक योजना पर काम कर रही है. रिंग रोड की कुल लंबाई 60 किमी के आसपास है. इसमें दो किमी गंगा नदी पड़ती है. हरहुआ से वाजिदपुर, 16.55 किमी और वाजिदपुर से संदहा होते हुए चंदौली तक रिंग रोड है. दोनों तरफ 58 किमी दायरे में 20-20 मीटर का ग्रीन बेल्ट है. इसमें होने वाले पक्के निर्माणों की पहचान वीडीए सैटेलाइट से कर रहा है. इस दायरे में किसी भी प्रकार का पक्का निर्माण नहीं होगा. इन्हें तोड़ने की कार्रवाई जल्द शुरू की जाएगी.
ग्रीन बेल्ट क्षेत्र में जिन निर्माणों, उपयोगों की अनुमति है. उनमें पेट्रोल पंप, खेल का मैदान, स्पोर्ट्स ग्राउंड, स्विमिंग पूल, बहुउद्देशीय खुले स्थान, पार्क, रेसकोर्स, स्टेडियम, पिकनिक स्थल, कैंपिंग स्थल, ट्रैफिक पार्क, मनोरंजन पार्क, एक्वेरियम, चिड़ियाघर, संग्रहालय, पक्षी वन्यजीव अभयारण्य हैं. इनके अलावा किसी भी तरह के निमार्ण पर प्रतिबंध रहेगा. इस दायरे में निर्माण वीडीए से मानचित्र स्वीकृत कराने के बाद ही किया जा सकेगा. बिना स्वीकृति कोई भी निर्माण अवैध माना जाएगा. यूपी नियोजन और विकास अधिनियम में सख्त कार्रवाई की जाएगी.
ढाई बीघे का तालाब कब्जा मुक्त, अब संवरेगा स्वरूप
जलस्रोतों के संरक्षण को लेकर वाराणसी नगर निगम बेहद सख्त है. शहर के कुओं व तालाबों को अतिक्रमण से मुक्त कराकर निगम सुंदरीकरण भी करा रहा है. इस क्रम में निगम की टीम ने चुरावनपुर स्थित लगभग ढाई बीघे के विशाल तालाब को अवैध कब्जे से मुक्त कराते हुए वहां तत्काल सफाई कार्य शुरू करा दिया है. चुरावनपुर स्थित इस प्राचीन तालाब के एक बड़े हिस्से पर आंशिक रूप से कब्जा कर लिया गया था. शिकायतें मिलने के बाद निगम की टीम मौके पर पहुंची.
ALSO READ : मुश्किल में होली पर घर जाने वाले यात्रियों का सफर, हाउसफुल हुआ विमान
राजस्व और निगम के दस्ते ने तालाब की भूमि की पैमाइश की और अतिक्रमण को ध्वस्त कर दिया. ढाई बीघे के इस विशाल परिसर को पूरी तरह खाली कराने के बाद निगम ने इसे अपने अधिकार में ले लिया है. अब यहां किसी भी प्रकार की निजी गतिविधि पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया गया है.



