वाराणसी में निकली तिरंगा यात्रा, भारत माता के जयघोष से गूंजा शहर

वाराणसी : हर घर तिरंगा अभियान-2026 के तहत शुक्रवार को तिरंगा यात्रा रैली का आयोजन किया गया.जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने कलेक्ट्रेट परिसर से तिरंगा यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया.
तिरंगा यात्रा कलेक्ट्रेट परिसर से शुरू होकर सेंट्रल जेल तक पहुंची, जहां कार्यक्रम का समापन किया गया.यात्रा में होमगार्ड के जवानों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया.जवानों के साथ अन्य लोग भी हाथों में तिरंगा लेकर यात्रा में शामिल हुए और देशभक्ति के नारों के साथ राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया.
इस दौरान लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला. हाथों में लहराते तिरंगे और देशभक्ति के नारों ने लोगों में राष्ट्रीय एकता और अखंडता की भावना को और मजबूत किया. यात्रा का उद्देश्य लोगों को राष्ट्रध्वज के सम्मान के प्रति जागरूक करना और हर घर तिरंगा अभियान के माध्यम से देशभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाना रहा.
जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने तिरंगा यात्रा के माध्यम से लोगों को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों पर तिरंगा फहराने और राष्ट्रध्वज का सम्मान करने का संदेश दिया. प्रशासन की ओर से आयोजित इस यात्रा में देश के प्रति समर्पण और राष्ट्रीय एकता का संदेश प्रमुखता से दिखाई दिया.
ALSO READ : वाराणसी की तीन खिलाड़ियों का एनसीओई गांधीनगर में चयन, मिलेगा उच्चस्तरीय हैंडबॉल प्रशिक्षण
तिरंगा यात्रा के समापन के साथ ही लोगों ने देश की एकता, अखंडता और गौरव को बनाए रखने का संकल्प लिया. इस यात्रा ने स्वतंत्रता दिवस से पहले शहर में देशभक्ति का माहौल और मजबूत कर दिया.



