आशापुर फ्लाईओवर पर मरम्मत कार्य के चलते 30 मई से 1 जून तक ट्रैफिक डायवर्जन लागू

वाराणसी: आशापुर फ्लाईओवर पर मरम्मत कार्य के चलते यातायात पुलिस कमिश्नरेट वाराणसी ने 30 मई की रात से 1 जून की सुबह तक विशेष ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया है। यह व्यवस्था आमजन की सुरक्षा और यातायात को सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से की गई है.
यातायात पुलिस के अनुसार थाना सारनाथ क्षेत्र स्थित आशापुर फ्लाईओवर के दाहिने रैम्प पर लीकेज की मरम्मत का कार्य 30 मई 2026 की रात 11 बजे से शुरू होकर 1 जून 2026 की सुबह 5 बजे तक चलेगा। इस दौरान कई मार्गों पर वाहनों का आवागमन परिवर्तित रहेगा.
गाजीपुर और संदहा की ओर से आने वाले वाहन, जो पहड़िया मंडी एवं शहर की ओर जाना चाहते हैं, उन्हें संदहा से सेंट जॉन्स तिराहा, तिलमापुर, चन्द्रा चौराहा और अशोका तिराहा के रास्ते पहड़िया मंडी की ओर भेजा जाएगा। वहीं शहर से बाहर जाने वाले वाहनों के लिए भी यही वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किया गया है.
इसके अलावा आजमगढ़ और हरहुआ की ओर से आने वाले वाहन, जो पहड़िया मंडी, सारनाथ और आशापुर की तरफ जाएंगे, उन्हें आजमगढ़ अंडरपास, बावनबीघा, पुरानी पुलिस चौकी लालपुर कट, भक्ति नगर कॉलोनी और काली माता मंदिर तिराहा के रास्ते डायवर्ट किया जाएगा। शहर से बाहर जाने वाले वाहन पहड़िया मंडी से अशोका तिराहा, आरटीओ कट तिराहा और हवेलिया चौराहा होते हुए रिंग रोड के जरिए अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे.
अपर पुलिस उपायुक्त यातायात ने बताया कि मरम्मत कार्य के दौरान आमजन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं।
यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करें तथा यातायात नियमों का पालन करते हुए पुलिस प्रशासन का सहयोग करें.
किसी भी प्रकार की सहायता या जानकारी के लिए ट्रैफिक कंट्रोल रूम नंबर 7839856994 तथा ट्रैफिक हेल्पलाइन नंबर 7317202020 पर संपर्क किया जा सकता है.



