ट्रांसफार्मर पोल में उतरे करंट की चपेट में आने से गाय की मौत, लापरवाही का आरोप...

वाराणसी : जंसा थाना क्षेत्र के रामेश्वर गोशाला के समीप शुक्रवार सुबह ट्रांसफार्मर के पोल में उतरे विद्युत करंट की चपेट में आने से एक गाय की मौत हो गई. घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई. मौके पर जुटे ग्रामीणों ने विद्युत विभाग के प्रति आक्रोश व्यक्त करते हुए लापरवाही का आरोप लगाया.
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे पशुपालक बब्बल सिंह की गाय चरते हुए ट्रांसफार्मर के पोल के पास पहुंच गई. बताया गया कि पोल में पहले से ही विद्युत करंट प्रवाहित हो रहा था. जैसे ही गाय पोल के संपर्क में आई, वह करंट की चपेट में आ गई और उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई. पशुपालक के अनुसार मृत गाय की कीमत लगभग 35 से 40 हजार रुपये थी.
ALSO READ:नौकरी के नाम पर वाराणसी में युवाओं को बना रहे साइबर स्लेव, ठगी की देतें हैं ट्रनिंग...
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि ट्रांसफार्मर के पोल में करंट उतरने की समस्या लंबे समय से बनी हुई थी, लेकिन विद्युत विभाग ने इस पर समय रहते ध्यान नहीं दिया. ग्रामीणों ने दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने और पीड़ित पशुपालक को उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है.
बतादें कि पिछले दिनों भी शिवपुर के लक्षमणपुर में विद्युत पोल में उतरे करंट की चपेट में आने से एक गाय की मौत हो गई थी. इस दौरान बिजली के दो जर्जर पोल एक स्कूली बस पर गिर गए थे. हालांकि बस में सवार बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया था. लोगों का कहना था कि गाय पहले चपेट में आने से बिजली काट दी गई थी, अन्यथा बडा हादसा हो जाता.



