Daily Bulletin Tag
AI गार्गी दैनिक बुलेटिन

बरेका के दो अधिकारियों समेत 12 कर्मियों को सेवानिवृत्ति पर दी गई भावभीनी विदाई....

बरेका के दो अधिकारियों समेत 12 कर्मियों को सेवानिवृत्ति पर दी गई भावभीनी विदाई....
Aug 31, 2026, 12:15 PM
|
Posted By gagan arora

वाराणसी। बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में अगस्त 2026 में सेवानिवृत्त हुए दो अधिकारियों एवं दस कर्मचारियों के सम्मान में सोमवार को प्रशासन भवन स्थित कीर्ति कक्ष में विदाई एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह की अध्यक्षता बरेका के महाप्रबंधक आशुतोष पंत ने की। उन्होंने सभी सेवानिवृत्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों को माल्यार्पण कर फोल्डर प्रदान करते हुए सम्मानित किया।


महाप्रबंधक आशुतोष पंत ने कहा कि “सेवानिवृत्ति नौकरी से विदाई है, जीवन से नहीं, बल्कि जीवन के नए और सार्थक अध्याय की शुरुआत है।” उन्होंने सेवानिवृत्त कर्मियों को स्वस्थ, सुखी और शांतिपूर्ण जीवन की शुभकामनाएं दीं। साथ ही स्वास्थ्य, परिवार, वित्तीय प्रबंधन और सामाजिक सरोकारों पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी।


उन्होंने कहा कि वाराणसी जैसे आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक शहर में जीवन बिताना सौभाग्य की बात है। सेवानिवृत्ति के बाद आत्मचिंतन, सकारात्मक सोच, आध्यात्मिक चेतना और अच्छे कार्यों से जुड़े रहकर जीवन को सार्थक बनाया जा सकता है। उन्होंने कर्मियों को जीवन में मिली उपलब्धियों और अवसरों के लिए ईश्वर के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए नए अध्याय की शुरुआत सकारात्मक सोच के साथ करने का संदेश दिया।


समारोह में सेवानिवृत्त वरिष्ठ सुरक्षा आयुक्त संजय पीसे और सहायक वित्त सलाहकार रमा शंकर जायसवाल समेत अन्य सेवानिवृत्त कर्मियों ने अपने सेवाकाल के अनुभव और संस्मरण साझा किए। उन्होंने बरेका को अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बताया।


प्रमुख मुख्य यांत्रिक इंजीनियर विवेक शील ने ध्यान, स्वाध्याय एवं आध्यात्मिक चेतना के माध्यम से जीवन को सार्थक बनाने पर जोर दिया। प्रमुख मुख्य विद्युत इंजीनियर मनीष कुमार ने सेवानिवृत्त कर्मियों के लंबे सेवाकाल और अनुभवों की सराहना की। प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी लालजी चौधरी ने सेवानिवृत्ति फोल्डर में उपलब्ध महत्वपूर्ण जानकारियों एवं सुविधाओं की जानकारी दी।


मंडल चिकित्सा अधिकारी डॉ. अब्दुल माबूद ने नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, व्यायाम, संतुलित आहार और शरीर की देखभाल को प्राथमिकता देने की सलाह दी। कर्मचारी परिषद के संयुक्त सचिव प्रदीप कुमार यादव ने सभी के सुखद एवं स्वस्थ भविष्य की मंगलकामना की।


वित्तीय प्रबंधन को लेकर भारतीय स्टेट बैंक, बरेका की मुख्य शाखा प्रबंधक रिचा त्रिपाठी और बैंक ऑफ बड़ौदा, बरेका के मुख्य शाखा प्रबंधक दिनेश कुमार ने निवेश, वित्तीय सुरक्षा और साइबर सिक्योरिटी से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं। उन्होंने सेवानिवृत्ति के बाद मिलने वाले लाभों के विवेकपूर्ण प्रबंधन पर भी जोर दिया।


ALSO READ: ‘मेनिफेस्टेशन ऑफ शिव महादेव’ पुस्तक कुलपति प्रो. चतुर्वेदी को भेंट


अगस्त में सेवानिवृत्त होने वालों में संजय पीसे, रमा शंकर जायसवाल, विनोद कुमार सिंह, धर्मशीला देवी, राजाराम, देवानंद देव पाण्डेय, संजू सिन्हा, फूला देवी, शशि भूषण, नय्यर आजम, किरन देवी और शिवशंकर कुमार शामिल रहे।


समारोह में प्रधान वित्त सलाहकार मुक्तेश मित्तल, प्रमुख मुख्य सामग्री प्रबंधक आलोक अग्रवाल, प्रमुख मुख्य इंजीनियर राम जनम, महानिदेशक सह प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त देवराज कुमार मौर्य, प्रमुख मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील कुमार, मुख्य सतर्कता अधिकारी अंकुर चंद्रा, उप महाप्रबंधक सागर, जनसंपर्क अधिकारी राजेश कुमार सहित कई अधिकारी, कर्मचारी परिषद के सदस्य, सहकर्मी एवं सेवानिवृत्त कर्मियों के परिजन मौजूद रहे।

कैंट विधानसभा के दो वार्डों में 225 करोड़ की विकास परियोजनाएं शुरू, सीवर-पेयजल के साथ सड़कों का होगा पुनर्निर्माण
कैंट विधानसभा के दो वार्डों में 225 करोड़ की विकास परियोजनाएं शुरू, सीवर-पेयजल के साथ सड़कों का होगा पुनर्निर्माण
वाराणसी: मानसून की विदाई के साथ काशी में रुकी हुई बड़ी विकास परियोजनाएं अब धरातल पर उतरने लगी हैं। कैंट विधानसभा क्षेत्र के सरायनंदन और बिरदोपुर/शीशमहल वार्ड में रविवार को करीब 225 करोड़ रुपये की लागत से सीवर, पेयजल और सड़क पुनर्निर्माण परियोजनाओं का शुभारंभ किया गया। महापौर अशोक कुमार तिवारी और कैंट विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने भूमि पूजन कर निर्माण कार्य शुरू कराया।उत्तर प्रदेश जल निगम (नगरीय) की देखरेख में होने वाले इन कार्यों से दोनों क्षेत्रों में लंबे समय से चली आ रही सीवर, पेयजल और सड़क से जुड़ी समस्याओं के समाधान की उम्मीद है।सरायनंदन में 110 करोड़ से बिछेगी 55 किमी सीवर-पेयजल लाइनसरायनंदन वार्ड के दशमी रामलीला मैदान क्षेत्र में करीब 110 करोड़ रुपये की लागत से 55 किलोमीटर लंबी सीवर और पेयजल लाइन बिछाने के साथ सड़क निर्माण का कार्य शुरू किया गया है। परियोजना के पूरा होने के बाद क्षेत्र में सीवर व्यवस्था और पेयजल आपूर्ति को बेहतर बनाने के साथ सड़कों का भी पुनर्निर्माण किया जाएगा।बिरदोपुर में 115 करोड़ की परियोजनाबिरदोपुर क्षेत्र के कैलाश मठ और गिरी नगर एकता पार्क के पास करीब 115 करोड़ रुपये की लागत से परियोजना का शुभारंभ हुआ। इसमें 58 करोड़ रुपये सीवर लाइन तथा 57 करोड़ रुपये पेयजल लाइन और गृह संयोजन के कार्य पर खर्च किए जाएंगे।सात महीने की परेशानी, दशकों तक समाधान का दावाभूमि पूजन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महापौर अशोक कुमार तिवारी ने कहा कि सीवर और पेयजल की नई पाइपलाइन बिछाने के दौरान करीब सात महीने तक नागरिकों को आवागमन में अस्थायी परेशानी हो सकती है। उन्होंने कहा कि यह असुविधा लंबे समय के स्थायी समाधान के लिए है। उनके अनुसार परियोजना पूरी होने के बाद आने वाले दशकों तक सीवर जाम और ओवरफ्लो की समस्या से राहत मिलने के साथ शुद्ध पेयजल की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।महापौर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और नगर विकास मंत्री ए.के. शर्मा के मार्गदर्शन में काशी में विकास कार्यों को गति दी जा रही है।अमृत-2.0 के तहत 22 वार्डों में होंगे बड़े कामनगर निगम के अनुसार शहरी क्षेत्र के अत्यधिक प्रभावित 22 वार्डों की बुनियादी समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए अमृत-2.0 योजना के तहत कुल 2161 करोड़ रुपये की लागत से कार्य प्रस्तावित हैं। इसके तहत 353.13 किलोमीटर सीवर लाइन और 651.64 किलोमीटर पेयजल पाइपलाइन बिछाई जानी है।ALSO READ :बरेका में आरपीएफ का 42वां स्थापना दिवस, ‘रन फॉर यूनिटी’ से दिया एकता और सुरक्षा का संदेशसरायनंदन और बिरदोपुर में आयोजित अलग-अलग भूमि पूजन कार्यक्रमों में क्षेत्रीय पार्षदों, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों की मौजूदगी रही। कार्यक्रम का संचालन क्रमशः राहुल सिंह और अशोक पटेल ने किया।
बरेका में आरपीएफ का 42वां स्थापना दिवस, ‘रन फॉर यूनिटी’ से दिया एकता और सुरक्षा का संदेश
बरेका में आरपीएफ का 42वां स्थापना दिवस, ‘रन फॉर यूनिटी’ से दिया एकता और सुरक्षा का संदेश
वाराणसी। बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) परिसर में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) का 42वां स्थापना दिवस रविवार को उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। इस दौरान आरपीएफ अधिकारियों और जवानों ने विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेकर सुरक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, एकता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।स्थापना दिवस के अवसर पर आरपीएफ की ओर से ‘रन फॉर यूनिटी’, योग कार्यक्रम, वृक्षारोपण और ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान का आयोजन किया गया। ‘रन फॉर यूनिटी’ के माध्यम से एकता, अनुशासन और राष्ट्रसेवा का संदेश दिया गया। वहीं योग कार्यक्रम में स्वस्थ जीवनशैली के साथ शारीरिक और मानसिक फिटनेस के महत्व को रेखांकित किया गया।बैरक परिसर में किया गया वृक्षारोपणपर्यावरण संरक्षण के प्रति प्रतिबद्धता जताते हुए आरपीएफ कर्मियों ने बैरक परिसर में पौधरोपण किया। इस दौरान अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लिया गया। इसके साथ ही ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के तहत बैरक परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया गया।20 सितंबर 1985 से मिला वर्तमान स्वरूपरेलवे सुरक्षा बल को 20 सितंबर 1985 को संघ के सशस्त्र बल का दर्जा प्रदान किया गया था। रेलवे सुरक्षा बल अधिनियम, 1957 में संशोधन के बाद यह प्रावधान 20 सितंबर 1985 से प्रभावी हुआ। आरपीएफ का प्रमुख दायित्व रेलवे संपत्ति की सुरक्षा के साथ यात्रियों और यात्री क्षेत्रों की सुरक्षा से भी जुड़ा है।स्थापना दिवस के अवसर पर बरेका में प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त, सहायक सुरक्षा आयुक्त, आरपीएफ के निरीक्षकगण और बल के सदस्य मौजूद रहे।‘बड़ा खाना’ का भी आयोजनस्थापना दिवस के उपलक्ष्य में आरपीएफ कर्मियों के बीच आपसी सौहार्द और भाईचारा मजबूत करने के उद्देश्य से रात में बैरक परिसर में ‘बड़ा खाना’ का आयोजन किया गया।ALSO READ : काशी में अमित शाह का दौरा, 7 अक्टूबर को सेवा संकल्प यात्रा का स्वागतआरपीएफ अधिकारियों ने कहा कि स्थापना दिवस केवल वार्षिक आयोजन नहीं, बल्कि कर्तव्य, अनुशासन, साहस और सेवा भावना के प्रति प्रतिबद्धता को दोहराने का अवसर है। बरेका आरपीएफ रेल यात्रियों और रेलवे संपत्ति की सुरक्षा के अपने दायित्व को पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निभाने के लिए प्रतिबद्ध है।
काशी में अमित शाह का दौरा, 7 अक्टूबर को सेवा संकल्प यात्रा का स्वागत
काशी में अमित शाह का दौरा, 7 अक्टूबर को सेवा संकल्प यात्रा का स्वागत
वाराणसी :केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 7 अक्टूबर को काशी आ सकते हैं। इस दौरान वह गुजरात के वडनगर से काशी पहुंचने वाली सेवा संकल्प यात्रा का स्वागत करेंगे। यात्रा में शामिल लोग गुजरात की नदियों का जल लेकर आएंगे, जिससे बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक किया जाएगा।यह यात्रा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन, 17 सितंबर से शुरू हुए सेवा संकल्प अभियान का हिस्सा है। यह अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा। इसके तहत देशभर में सेवा, स्वच्छता, पौधरोपण और जनकल्याण से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।सेवा संकल्प यात्रा वडनगर से काशी तक पहुंच रही है। वडनगर प्रधानमंत्री मोदी का जन्मस्थान है, जबकि काशी उनका संसदीय क्षेत्र है। यात्रा के दौरान कई राज्यों और जिलों से गुजरते हुए लोगों को सेवा और जनभागीदारी का संदेश दिया जा रहा है।काशी पहुंचने पर यात्रा का स्वागत किया जाएगा और बाबा विश्वनाथ के दरबार में विशेष पूजा-अर्चना व जलाभिषेक का कार्यक्रम होगा। इस मौके पर कई जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं के शामिल होने की संभावना है।ALSO READ :पूर्व मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्र ने संस्कृत विश्वविद्यालय के विकास कार्यों का किया निरीक्षण