एयर शो के लिए नमो घाट पर बन रहे दो नए रास्ते, पीएम के आने-जाने का तैयार हो रहा रूट मैप

वाराणसी : नमो घाट पर प्रस्तावित भारतीय वायुसेना के एयर शो को लेकर तैयारियां अब तेज हो गई हैं। 25 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत करीब 5600 विशिष्ट अतिथियों के कार्यक्रम में शामिल होने की संभावना को देखते हुए नमो घाट पर सुरक्षा से लेकर आवागमन तक की व्यवस्था को अंतिम रूप दिया जा रहा है। हेलीपैड तक विशिष्ट अतिथियों की सीधी और सुरक्षित आवाजाही के लिए दो नए पक्के रास्ते तैयार किए जा रहे हैं। इसके साथ ही प्रधानमंत्री और अन्य वीआईपी के आने-जाने का रूट मैप भी तैयार किया जा रहा है।

पहला रास्ता वसंता डिग्री कॉलेज के कैंपस से हेलीपैड तक बनाया जा रहा है। करीब 40 फीट लंबे और 12 फीट चौड़े इस रास्ते का निर्माण शुरू हो गया है। रास्ते में सीमेंटेड सीढ़ियां बनाई जा रही हैं। प्रत्येक सीढ़ी की ऊंचाई करीब नौ इंच होगी। बीच में दो प्लेटफॉर्म भी बनाए जाएंगे, जबकि पूरे रास्ते में करीब 35 से 40 सीढ़ियां तैयार की जाएंगी। निर्माण पूरा होने के बाद इस रास्ते से सीधे हेलीपैड तक पहुंचा जा सकेगा। बृहस्पतिवार को यहां निर्माण कार्य शुरू होने के बाद देर शाम तक मजदूर काम में जुटे रहे।
दूसरा पक्का रास्ता नमो घाट के फेस-3 की शुरुआत में शाही नाले के पास से हेलीपैड तक बनाया जाएगा। दोनों रास्तों को तैयार करने का मकसद हेलीपैड और घाट के बीच आवाजाही को आसान बनाने के साथ ही एयर शो के दौरान विशिष्ट अतिथियों की आवाजाही को आम दर्शकों की भीड़ से अलग रखना है। इसी के आधार पर नमो घाट से हेलीपैड और आगे के रूट को लेकर सुरक्षा व्यवस्था का खाका तैयार किया जा रहा है।

एयर फोर्स अधिकारियों ने परखी हेलीपैड की मजबूती
बृहस्पतिवार को एयर फोर्स के अधिकारी नमो घाट पहुंचे। अधिकारियों ने पूरे क्षेत्र का निरीक्षण किया और एयर शो को लेकर चल रही तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान हेलीपैड की भी जांच की गई और उसकी मजबूती परखी गई। अधिकारियों ने हेलीपैड से लेकर घाट तक पहुंचने वाले रास्तों और आसपास के क्षेत्र का भी निरीक्षण किया। एयर शो के दौरान बड़ी संख्या में विशिष्ट अतिथियों और सुरक्षा बलों की मौजूदगी को देखते हुए हर स्तर पर व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया जा रहा है।
जल्द एयर फोर्स के नियंत्रण में होगा नमो घाट
एयर शो को लेकर नमो घाट की सुरक्षा व्यवस्था जल्द और कड़ी होने वाली है। तैयारियों के मुताबिक जल्द ही नमो घाट को एयर फोर्स के नियंत्रण में लिया जा सकता है। इसके बाद घाट पर होने वाली कुछ स्थानीय गतिविधियों पर रोक लगाई जा सकती है। हेलीपैड क्षेत्र में वाहनों की पार्किंग भी पूरी तरह प्रतिबंधित किए जाने की तैयारी है। अनधिकृत आवाजाही और गतिविधियों को रोकने के लिए घाट और हेलीपैड क्षेत्र में सुरक्षा घेरा बढ़ाया जाएगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत करीब 5600 विशिष्ट अतिथियों के आने की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन और एयर फोर्स के अधिकारी संयुक्त रूप से सुरक्षा, यातायात और आवागमन की व्यवस्था का मैप तैयार कर रहे हैं। वीआईपी मूवमेंट के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए अलग-अलग प्रवेश और निकास मार्गों की व्यवस्था पर भी काम किया जा रहा है।
गंगा के ऊपर गरजेंगे विमान, 20-21 अक्टूबर को अभ्यास
नमो घाट से अस्सी घाट के बीच गंगा के ऊपर 22, 23 और 25 अक्टूबर को एयर शो प्रस्तावित है। मुख्य प्रदर्शन दोपहर करीब 12 बजे से 2:30 बजे तक होने की तैयारी है। इस दौरान 100 से अधिक विमान, हेलीकॉप्टर और एरोबेटिक टीमें काशी के आसमान में करतब दिखाएंगी। एयर शो से पहले 20 और 21 अक्टूबर को वायुसेना के विमान गंगा के ऊपर अभ्यास करेंगे।
ALSO READ : वाराणसी की मंतसा इकबाल ने रचा इतिहास
25 अक्टूबर को होने वाले मुख्य कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अलावा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल समेत करीब 5600 विशिष्ट अतिथियों के शामिल होने की संभावना है। गंगा, काशी के घाट और आसमान में भारतीय वायुसेना के विमानों का प्रदर्शन देखने के लिए बड़ी संख्या में लोगों के जुटने की संभावना है। इसे देखते हुए नमो घाट से लेकर आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर तैयारियां लगातार तेज की जा रही हैं।



