वाराणसी में बंद मकान में चोरों ने खोला हाथ, लाखों का माल किया पार...

वाराणसी : मंडुवाडीह थाना क्षेत्र स्थित मड़ौली इलाके में शुक्रवार की रात चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाया. इस दौरान लाखों रुपये के आभूषण और नकदी पर हाथ साफ कर दिया. घटना की जानकारी शनिवार सुबह उस समय हुई जब मोहल्ले के लोगों ने गृहस्वामिनी को फोन कर घर का दरवाजा खुला होने की सूचना दी. चोरी की खबर मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया. सूचना के बाद पुलिस जांच में जुट गई है.
पानी की सप्लाई बंद होने पर परिवार घर से था बाहर
भुक्तभोगी उषा देवी ने बताया कि शुक्रवार रात इलाके में पानी की आपूर्ति नहीं होने के कारण वह परिवार के साथ नेवादा स्थित अपनी बहन के घर चली गई थीं. घर बंद कर पूरा परिवार रात में बाहर था. शनिवार सुबह पड़ोसियों ने फोन कर बताया कि उनके मकान का मुख्य दरवाजा खुला हुआ है. सूचना मिलते ही परिवार तुरंत घर पहुंचा. अंदर का नजारा देखकर सभी हतप्रभ रह गए. कमरों का सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी सहित पूरे घर को चोरों ने खंगाल डाला था.
पीड़िता के अनुसार चोर घर से दो सोने की चेन, सात जोड़ी झुमके, मंगलसूत्र, अंगूठी, पायल समेत लाखों रुपये के कीमती आभूषण और नकदी चोरी कर ले गए. उनका कहना है कि चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 25 लाख रुपये से अधिक है. घटना के बाद परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है.
ALSO READ:वाराणसी पुलिस तैयार कर रही महिला अपराधियों की कुंडली, पूर्वांचल में है सक्रियता...
सूचना के बाद पहुंची पुलिस
सूचना के बाद मंडुवाडीह थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की और घटनास्थल का निरीक्षण किया. इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है. प्रारंभिक जांच में कुछ संदिग्ध व्यक्तियों के घर में प्रवेश करने की तस्वीरें सामने आई हैं.
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है. जल्द ही घटना का खुलासा करने का दावा किया गया है. लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से स्थानीय लोगों में डर और नाराजगी का माहौल है.



