वाराणसी में समलैंगिक ने चाकू मारकर की पति की हत्या, सामने आई यह वजह...

वाराणसी : शहर में समलैंगिकता का एक खौफनाक मामला सामने आया है. मंगलवार की भोर भेलूपुर थाना अंतर्गत बजरडीहा वीडीए कॉलोनी में रहने वाले 26 वर्षीय दीपांशु राय की चाकू से वाहर कर उसके साथ पत्नी के तौर पर रहने वाले कुश पांडेय ने हत्या कर दी. पुलिस ने हत्यारोपी को हिरासत में लिया. गिरफ्तार आरोपी कुश सोनारपुरा का रहने वाला है. एक साल पहले दोनों ने आपस में शादी कर ली थी. कुश साड़ी और लहंगा पहनकर पत्नी की तरह रहता था.
दोनों अत्यधिक शराब पीकर खूब लड़ाई रोज करते थे. घटना के बाद आरोपी ने पहले घटना की जानकारी 108 पर फोन करके दी. 108 नंबर मौके पर पहुंची लेकिन वापस लौट गई. इसके बाद आरोपी कुश ने 112 नंबर पर फोन करके जानकारी दी. सूचना के बाद पुलिस पहुंची तो आरोपी ने पहले पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की. पहले आरोपी ने खुद को मृतक का पत्नी बताते हुए चाकू मारने से इनकार किया. पुलिस द्वारा कड़ाई करने पर आरोपी टूट गया और पूरी घटना बताई. दोनों ज्यादा समय हरिश्चंद्र घाट पर गुजारते थे.
सोमवार की देर शाम भी दोनों ने घाट पर साथ शराब पी. इसके बाद कमरे पर लौटे. बताते हैं कि खाना बनाने और बर्तन धोने को लेकर विवाद हुआ और दोनों के बीच रात में शराब के नशे में मारपीट हो गई. मारपीट के दौरान आरोपी ने सब्जी काटने वाले चाकू से पेट और सीने के नीचे पांच बार वार कर दिया. चाकू लगने के बाद दीपांशु के घायल होने पर आरोपी कुश हल्दी लगाकर खून को रोकने का प्रयास भी किया. पुलिस पति को आनन फानन अस्पताल ले गई जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया.
ALSO READ:वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान की पहल: वाराणसी कोषागार में आधुनिक पेंशनर्स कक्ष का लोकार्पण...
एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार ने बताया कि दोनों एक ही कमरे में साथ रहते थे. हरिश्चंद्र घाट पर ही दोनों का अधिक समय गुजरता था. पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि रात 10.30 बजे घाट से कमरे पर पहुंचे. नशे में दोनों धुत थे. इसके बाद खाना पकाने और बर्तन धुलने को लेकर दोनों में विवाद हुआ. पुलिस के मुताबिक दीपांशु राय के पिता की छह माह पूर्व मौत हो चुकी है. पिछले एक साल से पीयूष और दीपांशु एक साथ ही कमरे में रहते थे. आरोपी कुश को हत्या के केस में गिरफ्तार किया गया है.



