वाराणसी में युवक ने फांसी लगाकर दी जान, परिवार में मातम

वाराणसी : चौबेपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार को 18 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर जान दे दी. मां जब उसे चाय के लिए बुलाने पहुंचीं तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला. ग्रामीणों की मदद से दरवाजा तोड़ने पर युवक फंदे से लटका मिला. घटना के बाद परिवार में मातम पसर गया. सूचना के बाद पहुंची पुलिस शव को कब्जे में लेकर अग्रिम कार्रवाई में जुट गई.
जानकारी के अनुसार, किशन सिंह (18) पुत्र भानु प्रताप सिंह शुक्रवार सुबह भोजन करने के बाद टीन शेड के कमरे में सोने चला गया. कुछ देर बाद उसकी मां चाय देने के लिए कमरे पर पहुंचीं. दरवाजा अंदर से बंद था. काफी आवाज देने के बाद भी अंदर से कोई जवाब नहीं मिला तो उन्होंने आसपास के लोगों को बुलाया. ग्रामीणों ने दरवाजा तोड़ा तो किशन फंदे पर लटका मिला. सूचना के बाद पहुंची चौबेपुर पुलिस ने शव को नीचे उतारकर कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस आत्महत्या के कारणों की जांच कर रही है. मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है. घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
ALSO READ : वाराणसी में विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस : बीजेपी का मौन जुलूस
संदिग्ध परिस्थितियों में महिला की मौत, पुलिस ने राेका अंतिम संस्कार
वाराणसी के लालपुर पांडेयपुर थाना क्षेत्र में हुकुलगंज बर्फ फैक्ट्री वाली गली में गुरुवार की शाम 38 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की सूचना से हड़कंप मच गया. सूचना के बाद पांडेयपुर चौकी प्रभारी दिनेश सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को देखकर परिस्थितियों पर संदेह होने पर पोस्टमार्टम कराने का निर्णय लिया. बताया जा रहा है कि परिजन शव का जल्द अंतिम संस्कार करने के लिए उसे मणिकर्णिका घाट ले जाने की तैयारी में थे. इसी दौरान क्षेत्रीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी कि महिला के मुंह से झाग निकल रहा था और जीभ बाहर निकली हुई दिख रही है. महिला सोनकर बिरादरी की बताई जा रही है. फिलहाल मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट नहीं है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह सामने आने की उम्मीद है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.



