वाराणसी पुलिस ने नेहा रोठौर को थमाया नोटिस, लोक गायिका दी ये प्रतिक्रिया

वाराणसी : पहलगाम आतंकी हमले के बाद पीएम नरेन्द्र मोदी के संबंध में कथित विवादित सोशल मीडिया पोस्ट करने के मामले में लोक गायिका नेहा सिंह राठौर के खिलाफ वाराणसी में दर्ज केस में जांच तेज हो गई है. बुधवार को वाराणसी के लंका थाने की पुलिस लखनऊ पहुंची और सुशांत गोल्फ सिटी स्थित नेहा सिंह राठौर के आवास पर केस से संबंधित नोटिस तामील कराया. यह केस लंका थाने में दर्ज किया गया था, जबकि इसी मामले में लखनऊ के हजरतगंज कोतवाली थाने में भी एफआईआर दर्ज है. पुलिस के अनुसार, आरोप पत्र की प्रक्रिया पूरी करने के क्रम में लोक गायिका को नोटिस दिया गया है.
नोटिस के बाद सामने आई प्रतिक्रिया
नेहा राठौर ने सोशल मीडिया पर पोर्स्ट लिखा कि “हजरतगंज कोतवाली से बुलावे के बाद बनारस के लंका थाने की पुलिस भी घर आ गई है. जितनी मेहनत और तेजी मुझे परेशान करने के लिए की जा रही है, काश उतनी मेहनत और तेजी पटना की बेटी को न्याय दिलाने के लिए की गई होती! खूब बेटी बचा रहे हैं! लानत है!”
बताया गया कि बीते मई महीने में लंका थाने में नेहा सिंह राठौर के खिलाफ यह मामला दर्ज किया गया था. उसी क्रम में बुधवार को उन्हें औपचारिक नोटिस दिया गया. इससे पहले लखनऊ पुलिस की ओर से भी हजरतगंज कोतवाली से नोटिस भेजा जा चुका है.
ALSO READ:नगर निगम ने नामांतरण और टैक्स संबंधी सुधार की प्रक्रिया को बनाया पारदर्शी व सरल, जाने प्रक्रिया
सुप्रीम कोर्ट से अंतरिम राहत
इस मामले में लोक गायिका को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत मिली है. बुधवार को सुप्रीम कोर्ट ने पहलगाम आतंकी हमले पर सोशल मीडिया पोस्ट के सिलसिले में दर्ज मामलों में नेहा सिंह राठौर को गिरफ्तारी से अंतरिम सुरक्षा प्रदान की है. न्यायमूर्ति जे.के. माहेश्वरी और न्यायमूर्ति अतुल एस. चंदुरकर की पीठ ने उत्तर प्रदेश सरकार और मामले की शिकायतकर्ता को नोटिस जारी करते हुए स्पष्ट किया कि फिलहाल लोक गायिका के खिलाफ कोई दंडात्मक कार्रवाई नहीं की जाएगी. हालांकि, अदालत ने नेहा सिंह राठौर को जांच अधिकारी के समक्ष उपस्थित होने और जांच में पूरा सहयोग करने का निर्देश भी दिया है.



